स्टार प्लस का चर्चित धारावाहिक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ इन दिनों दर्शकों के बीच पुरानी यादों को ताज़ा कर रहा है। विरानी परिवार की कहानी में जहां पुराने चेहरों की वापसी ने फैंस को भावुक कर दिया है, वहीं नए पात्र शो में जबरदस्त मोड़ ला रहे हैं। इसी क्रम में एक और दिलचस्प किरदार की एंट्री होने जा रही है। अभिनेता अंकित भाटिया अब इस शो में एक दमदार विलेन की भूमिका में नजर आएंगे। वे 'बिरेन पटेल' का किरदार निभाएंगे, जो पूरी तरह से नकारात्मक होगा।
चार साल बाद बदला ट्रैक, निगेटिव रोल में दिखेंगे अंकितएक खास बातचीत में अंकित भाटिया ने खुलासा किया, मैं पिछले चार वर्षों से 'भाग्य लक्ष्मी' शो का हिस्सा रहा हूं। इससे पहले 'प्रचंड अशोक' में भी मैंने निगेटिव कैरेक्टर किया था। चूंकि मैं पहले से ही बालाजी टेलीफिल्म्स से जुड़ा हूं, मुझे पहले ही अंदाजा था कि इस शो के लिए कास्टिंग चल रही है। मैंने क्रिएटिव टीम और कास्टिंग डायरेक्टर्स से संपर्क किया। उन्होंने मुझे ऑडिशन के लिए बुलाया। दिलचस्प बात यह है कि मैं पहले दो किरदारों के लिए रिजेक्ट हो गया था, लेकिन इस बार मुझे फाइनल कर लिया गया। दरअसल, जब कास्टिंग की प्रक्रिया शुरू ही हुई थी, तभी मुझे कॉल आ गया था।
किरदार की परछाई से अलग हैं अंकितअपने रोल के बारे में बात करते हुए अंकित ने बताया, मेरा किरदार बिरेन पटेल काफी अमीर, चालाक और पूरी तरह से निगेटिव है। जब मुझसे पूछा गया कि क्या मेरी पर्सनैलिटी और इस किरदार में कुछ समानताएं हैं, तो मेरा जवाब था – बिल्कुल नहीं। 'भाग्य लक्ष्मी' में मेरा रोल भले ही निगेटिव था, लेकिन उसमें भावनाएं थीं, संघर्ष था। वो किरदार गरीब था, लेकिन इंसानियत उसके अंदर थी। इसके उलट बिरेन का किरदार एक अमीर और शातिर इंसान का है जो सिर्फ अपने फायदे के बारे में सोचता है।
स्मृति ईरानी के साथ पहली शूटिंग का अनुभवअंकित ने आगे बताया, मुझे पहला सीन स्मृति मैम के साथ शूट करने का मौका मिला। उनका व्यक्तित्व ही ऐसा है जैसे आप किसी मंत्री के साथ खड़े हों। बचपन से उन्हें टीवी पर देखकर बड़े हुए हैं, इसलिए एक अलग ही सम्मान की भावना थी। लेकिन व्यक्तिगत रूप से वो बेहद मिलनसार और सहृदय हैं। इसके बाद मेरी मुलाकात अमर भाई से हुई, जिन्हें मैं पहले से जानता हूं। वो पहले से भी ज्यादा स्मार्ट लग रहे थे। हम सभी कलाकार एक बार एकता मैम के घर पर मीटिंग के लिए इकट्ठा हुए थे।
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' है खासअंत में अंकित ने एक दिलचस्प बात साझा की, “अब तक मैंने अपने जीवन में सिर्फ एक ही शो देखा है और वह है ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’। इस शो से मेरा एक खास जुड़ाव है, और इसका हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।”