महाभारत के सबसे प्रसिद्ध युद्ध, कुरुक्षेत्र के संघर्ष को हर कोई जानता है। हस्तिनापुर के सिंहासन पर कब्जे के लिए पांडवों और कौरवों के बीच यह युद्ध सदियों से लोगों की कल्पना और कहानियों का हिस्सा रहा है। अब नेटफ्लिक्स इसे एक नई एनिमेटेड वेब सीरीज के रूप में पेश कर रहा है। इस सीरीज का नाम है ‘कुरुक्षेत्र’, और इसका ट्रेलर बुधवार को रिलीज किया गया है।
एनिमेशन के जरिए जीवंत युद्धट्रेलर ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। एनिमेटेड होने के बावजूद इसमें महाभारत की भावनात्मक गहराई और 18 दिनों तक चलने वाले युद्ध के 18 प्रमुख योद्धाओं की कहानी प्रभावशाली तरीके से दिखाई गई है। सीरीज का फोकस युद्ध की रणनीतियों, भावनाओं और उन निर्णयों पर है, जिन्होंने इतिहास को आकार दिया।
‘इस युद्ध में न कोई मित्र, न कोई शत्रु…’ट्रेलर के संवाद दर्शकों के रोमांच को बढ़ा देते हैं। भगवान श्री कृष्ण द्वारा अर्जुन को दिया गया मार्गदर्शन इसमें सबसे प्रभावशाली दिखाया गया है। अर्जुन जब अपने परिवार को देखकर युद्ध से पीछे हटने की बात कहते हैं, तब श्री कृष्ण कहते हैं: “यहां न कोई मित्र है, न कोई शत्रु। कर्म करो पार्थ, शस्त्र उठाओ। इस युद्ध में धर्म तुम्हारे साथ है।”
2 मिनट 31 सेकेंड के इस ट्रेलर में महाभारत के कुछ अहम घटनाक्रम भी दिखाए गए हैं, जैसे द्रौपदी का चीरहरण, भीष्म पितामह का वध, अर्जुन का युद्ध के लिए तैयार होना और अभिमन्यु का चक्रव्यूह में फंसना।
रिलीज की तारीख और भाषाएँनेटफ्लिक्स पर यह श्रृंखला 10 अक्टूबर से उपलब्ध होगी। सीरीज का निर्माण टिपिंग पॉइंट ने अलोक जैन, अनु सिक्का और अजित अंधारे के साथ मिलकर किया है। कहानी और निर्देशन उजान गांगुली ने किया है।
‘कुरुक्षेत्र’ केवल हिंदी में ही नहीं, बल्कि तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम, थाई, अंग्रेजी, स्पेनिश, पोर्तुगीज और इंडोनेशियन भाषाओं में भी रिलीज होगी, ताकि विश्वभर के दर्शक महाभारत के इस अद्भुत युद्ध का अनुभव कर सकें।