चेक रिपब्लिक की क्रिस्टीना पिजकोवा ने जीता Miss World 2024 का खिताब, भारत की सिनी शेट्टी रहीं इस स्थान पर

चेक रिपब्लिक की क्रिस्टीना पिजकोवा नई मिस वर्ल्ड बन गई हैं। मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में शनिवार (9 मार्च) रात 71वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया। पिजकोवा को साल 2023 की मिस वर्ल्ड पोलैंड की करोलिना बिलावस्का ने ताज पहनाया। पिजकोवा 112 देशों की कंटेस्टेंट को पछाड़कर मिस वर्ल्ड बनीं। वह 24 साल की हैं। पिजकोवा अभी लॉ एंड बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई कर रही हैं।

पढ़ाई के साथ ही साथ पिजकोवा ने मॉडलिंग का करिअर भी चुना। चेक रिपब्लिक से दूसरी बारी कोई मिस वर्ल्ड बना है। इससे पहले साल 2006 में ताताना कुचोरोवा ने यह खिताब जीता था। लेबनान की यास्मीना फर्स्ट रनर अप रहीं। टॉप-4 में मिस चेक रिपब्लिक, मिस लेबनान, मिस त्रिनिदाद एंड टोबैगो और मिस बोत्सवाना के नाम शामिल थे। इस इवेंट को मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर और साल 2013 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वालीं फिलीपींस की मेगन यंग ने होस्ट किया। इवेंट में सिंगर शान ने ‘तू आज की नारी’ गाना गाकर रंग जमा दिया।

इस गाने को शान ने खुद ही कंपोज किया है। फिनाले में कक्कड़ भाई-बहन टोनी और नेहा ने भी परफॉर्मेंस दी। नेहा ने खुद की आवाज वाला ही लोकप्रिय गाना ‘काला चश्मा’ गाना गाया, तो टोनी ने भी खुद का ही गाना ‘धीमे-धीमे’ गाकर महफिल में रंग जमाया। भारत ने पूरे 28 साल बाद मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की मेजबानी की।

इसके लिए 12 जज के पैनल में एक्ट्रेस कृति सेनन, एक्ट्रेस पूजा हेगड़े, फिल्ममेकर साजिद नाडियाडवाला, एक्ट्रेस व सोशल वर्कर अमृता फडणवीस, विनीत जैन, क्रिकेटर हरभजन सिंह, मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन की सीईओ जूलिया मॉर्ले सीबीई, जर्नलिस्ट रजत शर्मा का नाम शामिल था।

टॉप 8 तक ही पहुंच पाईं सिनी शेट्टी, सामने आया एक वीडियो

मिस वर्ल्ड 2024 के फिनाले में भारत का प्रतिनिधित्व 22 साल की सिनी शेट्टी ने किया, जो मुंबई में ही पली-बढ़ी हैं। हालांकि वह टॉप-8 तक तो जगह बनाने में सफल रहीं, लेकिन टॉप-4 में नहीं पहुंच पाईं। सिनी ने साल 2022 में ‘फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड’ की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। इस बीच सोशल मीडिया पर सिनी का एक वीडियो सामने आया है।

इसमें सिनी और उनके आस-पास बहुत सारे लोग नजर आ रहे हैं। वीडियो उस दौरान का है जब सिनी प्रतियोगिता से बाहर हो गई थी। तब सिनी की आंखों में आंसू जरूर थे लेकिन उनके चेहरे की मुस्कान ने ये बिल्कुल जाहिर नहीं होने दिया कि भारत इस प्रतियोगिता को नहीं जीत सका। सिनी ने सबके गले लगकर इन फीलिंग्स को शेयर किया।

सिनी ने पिछले दिनों अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर दिल छू लेने वाले डांस का वीडियो शेयर किया था। क्लिप में उन्हें ऐश्वर्या राय की हम दिल दे चुके फिल्म के फेमस गाने निंबूड़ा निंबूड़ा पर डांस करते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान उन्हें ‘ताल से ताल मिला’, ‘बरसो रे’ और ‘कजरारे कजरारे’ जैसे गानों पर भी भरतनाट्यम करते देखा गया। सिनी शेट्टी कर्नाटक को बिलॉन्ग करती हैं। हालांकि उनका बर्थप्लेस मुंबई है।