कृति सेनन की रक्षा बंधन एड विवाद के बाद GIVA ने हटाया विज्ञापन, ब्रांड ने मांगी माफी

बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन से जुड़ा GIVA का रक्षा बंधन विज्ञापन विवादों में आने के बाद सोशल मीडिया और अन्य मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर कृति सेनन के कपड़ों को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। इस विवाद के बीच ज्वैलरी ब्रांड ने सार्वजनिक बयान जारी करते हुए माफी मांगी और विज्ञापन हटाने की जानकारी दी।

विज्ञापन सामने आने के बाद लोगों का ध्यान GIVA के ज्वैलरी प्रोडक्ट की बजाय कृति सेनन के पहनावे पर चला गया। इसी को लेकर सोशल मीडिया पर अभिनेत्री को ट्रोल किया गया। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी विज्ञापन में कृति सेनन के कपड़ों की आलोचना की थी।

GIVA ने बयान जारी कर जताया खेद


ब्रांड ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक बयान साझा किया। इसमें GIVA ने कहा कि वह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का सम्मान करता है। ब्रांड के मुताबिक, उसका उद्देश्य परिवार के साथ त्योहारों की खुशियां मनाने का संदेश देना था और इस बार इसमें पालतू जानवरों को भी शामिल करने की कोशिश की गई थी।

GIVA ने कहा कि अगर हालिया विज्ञापन से समाज के किसी वर्ग की भावनाएं अनजाने में आहत हुई हैं, तो ऐसा करना उसका उद्देश्य नहीं था। ब्रांड ने सम्मान के तौर पर विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने की बात कही।
त्योहार के मौके पर सकारात्मक संदेश

अपने बयान के अंत में GIVA ने लोगों के लिए प्यार और सकारात्मकता की कामना की। ब्रांड ने यह भी स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य भारतीय त्योहार और परंपराओं के प्रति असम्मान दिखाना नहीं था।

इस पूरे विवाद के बीच विज्ञापन हटाए जाने और ब्रांड की ओर से माफी मांगे जाने के बाद कृति सेनन से जुड़ा यह विज्ञापन फिलहाल सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ है।

यह भी पढ़ें: कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन पर कंगना से भिड़ीं बहन नुपुर, अब राहुल गांधी की भी हुई एंट्री