अभिनेता, निर्माता निर्देशक राकेश रोशन की फिल्म कृष भारतीय सिनेमा की बेहतरीन और सफल फ्रेंचाइजी में से एक है। इस सीरीज की पिछली तीनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन कारोबार आंकड़े जुटाने में सफलता प्राप्त की है। गत वर्ष इस सीरीज की चौथी फिल्म कृष 4 को लेकर घोषणा की गई थी, लेकिन अभी तक यह फिल्म सिर्फ कागजों में ही सिमटी हुई है।
राकेश रोशन पिछले एक महीने से अपनी डाक्यू सीरीज द रोशन्स के प्रचार प्रसार में लगे हुए हैं। नेटफ्लिक्स पर प्रसारित हुई इस सीरीज को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। इसी सीरीज के प्रचार के दौरान एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा था कि उनकी अगली फिल्म कृष 4 की स्क्रिप्ट तैयार है। निर्देशक भी तय कर लिया गया है, मगर बजट की वजह से इस पर अभी काम नहीं शुरू हो पा रहा है।
कुछ समय पहले खबर आई थी कि 2025 की गर्मियों में कृष-4 की शूटिंग शुरू हो जाएगी। मगर अपनी डॉक्यूमेंट्री-सीरीज ‘द रोशन्स’ के प्रचार में जुटे राकेश रोशन ने बताया कि अभी मूवी की शूटिंग शुरू होने में टाइम है।
उन्होंने बताया कि अभी बजट का इश्यू है। उन्हें प्रोड्यूसर नहीं मिले हैं। राकेश रोशन ने बताया कि वो इसके बजट को सही तरीके से तय नहीं कर पाए हैं। ये फिल्म लार्ज स्केल पर बननी है। इसमें कई हाई ऑक्टेन सीन होंगे। ये ज्यादा तो नहीं पर 2-3 ऐसे बड़े सीन होंगे।
हालांकि अभी तक मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट और कास्ट को रिवील नहीं किया है, लेकिन कुछ खबरें आई हैं। इनके अनुसार, मूवी में नोरा फतेही और नवाजुद्दीन सिद्दीकी होंगे। साथ ही बताया जा रहा था कि श्रद्धा कपूर भी इसमें लीड रोल निभा सकती हैं।
रिलीज डेट की बात करें तो कहा जा रहा है कि ये मूवी दिवाली के मौके पर साल 2026 में रिलीज किया जाएगा। इस फिल्म के निर्देशक के तौर पर सिद्धार्थ आनन्द का नाम सामने आ रहा है, हालांकि जब इस फिल्म की घोषणा की गई थी, तब इसके निर्देशक के तौर पर संजय गुप्ता का नाम सामने आ रहा था। संजय गुप्ता इससे पहले राकेश रोशन निर्मित और ऋतिक रोशन अभिनीत काबिल का निर्देशन कर चुके हैं। कहा यह भी जा रहा है कि ऋतिक रोशन की वॉर 2 की शूटिंग पूरी होने के बाद ही कृष 4 को फ्लोर पर लाया जा सकता है। मगर जिस तरह से राकेश रोशन ने साक्षात्कार के दौरान फिल्म की प्रगति और रुकावट को लेकर बात की है उससे ऐसा लगता नहीं है कि ये जल्द ही फ्लोर पर आएगी।