पति सिद्धार्थ के साथ बर्थडे सेलिब्रेट करने निकलीं कियारा, ब्लू लहंगे में जाह्नवी ने गिराईं बिजलियां

एक्ट्रेस कियारा आडवाणी 31 जुलाई को अपना बर्थडे सेलिब्रेट करेंगी। कियारा गुरुवार रात अपने पति एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट हुईं। माना जा रहा है कि दोनों ने बर्थडे का जश्न मनाने के लिए कोई खास प्लानिंग की है। दोनों काफी खुश नजर आ रहे थे और एक-दूसरे का हाथ पकड़े पैपराजी को जमकर पोज दिए। कियारा ने सोशल मीडिया पर भी अपनी ट्रिप के बारे में जानकारी देते हुए एक स्टोरी डाली।

कियारा ने सिद्धार्थ के साथ टेक ऑफ से पहले सेल्फी शेयर की। इसमें कियारा ने अपना सिर सिद्धार्थ के कंधों पर रखा है। उन्होंने सेल्फी शेयर करते हुए टाइम टू लिखने के बाद एरोप्लेन की इमोजी शेयर की। एयरपोर्ट पर कियारा बीज को-ऑर्ड सेट के साथ व्हाइट टॉप और सिद्धार्थ टी-शर्ट व ट्रैक पैंट में नजर आए। दोनों स्टार फरवरी में राजस्थान के जैसलमेर में शादी के बंधन में बंधे थे। दोनों ने जब से शेरशाह मूवी में साथ काम किया था तब से ही इनके अफेयर के चर्चे होने लगे थे। हालांकि इन्होंने खुलकर रिलेशनशिप का ऐलान नहीं किया था।

शादी के बाद दोनों ने सोशल मीडिया पर कई फोटो डाली। वहीं वर्कफ्रंट की बात करें तो कियारा अंतिम बार कार्तिक आर्यन के साथ फिल्म सत्यप्रेम की कथा में दिखी थीं। फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। अब वे तेलुगु फिल्म गेम चेंजर में नजर आने वाली हैं जिसमे राम चरण के अपोजिट हैं। वहीं सिद्धार्थ की बात करें तो वे अब फिल्म योद्धा में नजर आएंगे। इसमें उनके साथ दिशा पाटनी और राशि खन्ना अहम किरदार में हैं। सिद्धार्थ की पिछली फिल्म मिशन मजनूं थी।

जाह्नवी कपूर ने इंस्टाग्राम पर शेयर कीं रैम्प वॉक की क्लिप

दिवगंत एक्ट्रेस श्रीदेवी और फिल्ममेकर बोनी कपूर की बेटी एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर इस समय जवां दिलों की धड़कन बनी हुई हैं। जाह्नवी ने दिल्ली में आयोजित इंडिया कॉउचर वीक में ब्लू ब्लिंग लहंगे में मंत्रमुग्ध कर देने वाली अदाएं दिखाईं। जाह्नवी ने अपने इंस्टाग्राम पर रैंप वॉक की कुछ क्लिप शेयर की हैं। उन्होंने नशीली आंखों से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। जाह्नवी का ये ट्रेडीशनल लुक बेहद पसंद किया जा रहा है।

जाह्नवी के फैंस ने कॉमेंट सेक्शन में फायर और रेड हार्ट इमोजी शेयर की हैं। एक यूजर ने जाह्नवी को Queen of the world तो दूसरे ने मानसून में हीटवेव बताया। जाह्नवी की आगामी फिल्म मिस्टर एंड मिसेज माही है, जिसमें वे एक क्रिकेटर का रोल करेंगी। इसमें उनके हीरो राजकुमार राव हैं। फिल्म अगले साल 15 मार्च को रिलीज होगी।