2 News : खुशी और इब्राहिम की ‘नादानियां’ का दूसरा गाना रिलीज, ‘तुम्बाड’ फेम सोहम की ‘क्रेजी’ का ट्रेलर आया सामने

एक्ट्रेस खुशी कपूर और एक्टर इब्राहिम अली खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'नादानियां' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। फिल्म के पहले गाने 'इश्क में' में लोगों ने दोनों की केमिस्ट्री को खूब पसंद किया। अब आज सोमवार (17 फरवरी) को फिल्म का दूसरा गाना 'गलतफहमी' रिलीज हो गया। बता दें सैफ अली खान और अमृता सिंह के बेटे इब्राहिम बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं। फिल्म में उनकी जोड़ी दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी और फिल्ममेकर बोनी कपूर की बेटी खुशी के साथ बनेगी। फिल्म रोमांटिक कॉमेडी है, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

आज गाने को सोनी म्यूजिक के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया। गाने में खुशी और इब्राहिम के टूटे दिलों की कहानी का एक हिस्सा दिखाया गया है, जिसमें दोनों के अलग होने से आप भी भावुक हो जाएंगे। फिल्म के डायरेक्टर शौना गौतम हैं और यह धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है। फिल्म में खुशी ‘पिया’ नाम की लड़की का किरदार निभा रही हैं, जबकि इब्राहिम एक मेहनती लड़के का रोल प्ले करेंगे। फिल्म सिनेमाघरों के बजाय ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

इसकी रिलीज डेट अभी सामने नहीं आई है। इस फिल्म को करण जौहर, अपूर्वा मेहता और सोमेन मिश्रा ने प्रोड्यूस किया है। इसमें महिमा चौधरी, सुनील शेट्टी, दीया मिर्जा और जुगल हंसराज भी अहम रोल में दिखेंगे। उल्लेखनीय है कि खुशी की पिछली फिल्म ‘लवयापा’ 7 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसमें आमिर खान के बेटे जुनैद उनके हीरो थे, लेकिन फिल्म को दर्शकों ने नकार दिया। खुशी ने साल 2023 के अंत में ‘द आर्चीज’ मूवी के साथ एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। दूसरी ओर, इब्राहिम के लिए फैंस में लंबे समय से उत्सुकता है। वे इब्राहिम को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेकरार हैं।
‘क्रेजी’ में हैं शानदार विजुअल्स, डायनेमिक सिनेमेटोग्राफी व दिल थामने वाली थ्रिल्स

‘तुम्बाड’ फेम एक्टर सोहम शाह इन दिनों अपनी फिल्म ‘क्रेजी’ को लेकर लाइमलाइट में हैं। जब से फिल्म के पोस्टर सामने आए हैं तब से लोगों का एक्साइटमेंट बहुत बढ़ गया है। अब इसका ट्रेलर भी सामने आ गया है। ये बिल्कुल क्रेजी, अलग और यूनिक है। इससे साफ है कि सोहम एक और ताजगीभरा और अतरंगी कॉन्सेप्ट लेकर आ रहे हैं। फिल्म के शानदार विजुअल्स, डायनेमिक सिनेमेटोग्राफी और दिल थामने वाली थ्रिल्स दर्शकों को एक क्रेजी सफर पर ले जाने का वादा करती हैं।

ट्रेलर की शुरुआत एक वीडियो मैसेज से होती है। सोहम अपनी कार में बैठे हैं और उन्हें धमकीभरा एक वीडियो मैसेज आता है। सोहम इसमें डॉक्टर अभिमन्यु सूद का रोल कर रहे हैं, जो एक अच्छा सर्जन है। धमकी देने वाला उनसे कहता है, “डॉक्टर अभिमन्यु सूद आपकी बेटी मेरे पास है। मुझे पांच करोड़ रुपए चाहिए। 2 मिनट 10 सैकंड के ट्रेलर में आगे दिखाया जाता है कि कैसे अभिमन्यु अपनी बेटी को बचाने के लिए संघर्ष करता है।

इसका बैकग्राउंड म्यूजिक काफी शानदार है। फिल्म को गिरीश कोहली ने लिखा और डायरेक्ट किया है। इस फिल्म के निर्माता सोहम, मुकेश शाह, अमिता शाह और आदेश प्रसाद हैं, जबकि सह-निर्माता के तौर पर अंकित जैन हैं। ‘क्रेजी’ 28 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।