बॉलीवुड के सबसे चर्चित और खतरनाक विलेन ‘बल्लू’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहा है, और इस बार उसका अंदाज पहले से कहीं ज्यादा सख्त और डरावना दिखाई दे रहा है। 24 अप्रैल को ‘खलनायक रिटर्न्स’ का टीजर रिलीज किया गया, जिसके सामने आते ही सोशल मीडिया पर यह ट्रेंड करने लगा। संजय दत्त का नया लुक देखकर फैंस एक बार फिर 90 के दशक की यादों में खो गए हैं। चेहरे पर कालिख, खून से सना शरीर और आंखों में वही पुराना खौफ—यह सब मिलकर बल्लू के किरदार को एक बार फिर जीवंत कर रहे हैं। इस बार फिल्म में पहले से ज्यादा डार्क थीम और सस्पेंस का इजाफा साफ नजर आ रहा है।
टीजर में दिखा डर और तबाही से भरा माहौलटीजर की शुरुआत ही तबाही और आग के दृश्यों से होती है, जहां हर तरफ जलती हुई लपटें और विनाश का मंजर दिखाई देता है। इसी बीच एक दृश्य में हथकड़ियों में जकड़ा हुआ हाथ नजर आता है, जो संकेत देता है कि बल्लू की वापसी हो चुकी है।
इसके बाद संजय दत्त को जमीन पर बैठकर सिगरेट जलाते हुए दिखाया गया है, जबकि उनके चेहरे पर खून और कालिख साफ नजर आती है। लंबे बाल और बेहद इंटेंस एक्सप्रेशन उनके किरदार को और अधिक खतरनाक बना देते हैं। टीजर में उनका मशहूर डायलॉग “नायक नहीं, खलनायक हूं मैं” भी सुनाई देता है, जो एक बार फिर पुराने दौर की यादें ताजा कर देता है। हालांकि टीजर छोटा है, लेकिन इसमें सस्पेंस और थ्रिल भरपूर मात्रा में देखने को मिलता है।
33 साल पहले आई थी ‘खलनायक’, बनी थी सुपरहिटसाल 1993 में रिलीज हुई फिल्म ‘खलनायक’ उस समय की सबसे चर्चित और सफल फिल्मों में से एक थी। इस फिल्म का निर्देशन और निर्माण सुभाष घई ने किया था। इसमें संजय दत्त के साथ जैकी श्रॉफ और माधुरी दीक्षित जैसे बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फिल्म लगभग 5 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर करीब 20 से 21.5 करोड़ रुपये की कमाई की थी। उस दौर के हिसाब से यह एक बड़ी हिट मानी गई और यह साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही।
रिलीज से पहले विवादों में घिरी थी फिल्मफिल्म की रिलीज से पहले संजय दत्त का नाम एक बड़े विवाद से जुड़ गया था, जिसका सीधा असर फिल्म पर भी पड़ा। उस समय उनके जेल जाने की वजह से फिल्म की रिलीज को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई थी।
हालात इतने गंभीर थे कि फिल्म को टालने तक की नौबत आ गई थी। हालांकि बाद में फिल्म रिलीज हुई और दर्शकों ने इसे काफी पसंद किया। लेकिन इसके बाद फिल्म का लोकप्रिय गाना “चोली के पीछे क्या है” भी विवादों में आ गया और इसे दूरदर्शन पर बैन कर दिया गया था।
‘खलनायक 2’ में क्या होगा नया ट्विस्ट?अब ‘खलनायक 2’ के जरिए इस कहानी को एक नई दिशा देने की तैयारी की जा रही है। टीजर से साफ संकेत मिलते हैं कि इस बार फिल्म पहले से ज्यादा डार्क, इमोशनल और एक्शन से भरपूर होगी। हालांकि मेकर्स ने अभी तक स्टारकास्ट और कहानी को लेकर ज्यादा खुलासा नहीं किया है, लेकिन बल्लू के किरदार की वापसी ने ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है।
वहीं संजय दत्त ने एक पुराने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि 1993 के मुंबई बम धमाकों के मामले में जेल में रहने के दौरान ही इस फिल्म का आइडिया शुरू हुआ था। उन्होंने बताया कि जेल में उन्होंने करीब 4000 कैदियों से इस कहानी पर राय ली थी और सभी ने इसे लिखकर देने की बात कही थी। बाद में जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने यह विचार सुभाष घई के साथ साझा किया, जिसके बाद इस फिल्म को बनाने की दिशा में काम शुरू हुआ।