2 News : इस फिल्म के 7 साल पूरे होने पर कार्तिक ने शेयर की पोस्ट, तृप्ति ने इनके साथ मनाया अपना 31वां जन्मदिन

लव रंजन के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'सोनू के टीटू की स्वीटी' खूब चर्चित रही थी। इसे रिलीज हुए 7 साल हो चुके हैं। एक्टर कार्तिक आर्यन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म से जुड़ी एक पोस्ट शेयर कर बताया कि उनके किरदार ‘सोनू’ ने दुनिया को दोस्ती का सही मतलब सिखाया। कार्तिक ने कैप्शन में लिखा, “सात साल पहले सोनू ने दुनिया को सिखाया कि सच्ची दोस्ती और प्यार क्या है। फिल्म के प्रति ढेर सारे प्यार ने फिल्म को और भी खास बना दिया। लव सर, मेरे अद्भुत सह-कलाकार नुसरत भरुचा और सनी और आप सभी का हमेशा आभारी रहूंगा, जो आज भी 'तेरा यार हूं मैं' को ऐसे बजाते हैं जैसे कि यह कल ही आया हो और इसे दोस्ती का अमर गीत बना दिया हो! 'सोनू के टीटू की स्वीटी'।”

कार्तिक ने मूवी के कुछ यादगार सीन भी शामिल किए। उल्लेखनीय है कि फिल्म की कहानी बचपन के दो अच्छे दोस्तों ‘सोनू’ और ‘टीटू’ के इर्द-गिर्द घूमती है। जब ‘टीटू’ एक लड़की ‘स्वीटी’ के प्यार में पड़ जाता है, तो ‘सोनू’ क्या करता है, यह देखना रोमांचक है। फिल्म 23 फरवरी 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रही थी। कार्तिक के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वह अब धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म में नजर आएंगे। फिल्म का नाम 'तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी' है। फिल्म साल 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। कार्तिक के लिए पिछला साल शानदार रहा।

जून में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ ने खूब सुर्खियां बटोरीं। हालांकि फिल्म ज्यादा नहीं चली, लेकिन सबने कार्तिक की एक्टिंग पसंद की। दिवाली पर कार्तिक की मूवी ‘भूल भुलैया 3’ रिलीज हुई और इसने धमाचौकड़ी मचा दी। हॉरर कॉमेडी फिल्म ने जमकर कमाई की। नॉन फिल्मी बैकग्राउंड से होने के बावजूद कार्तिक आज बॉलीवुड में एक खास मुकाम हासिल कर चुके हैं। हर कोई उनकी प्रतिभा का कायल है। वे इंडस्ट्री के मोस्ट एलिजिबल बैचलर्स में भी शुमार हैं। लड़कियां उनके लुक्स और पर्सनलिटी पर फिदा हैं।
तृप्ति डिमरी और सैम मर्चेंट लंबे समय से कर रहे एक-दूसरे को डेट

एक्ट्रेस तृप्ति डिमरी आज रविवार (23 फरवरी) को 31 साल की हो गई हैं। तृप्ति ने शनिवार देर रात अपना बर्थडे अपने बॉयफ्रेंड बिजनेसमैन सैम मर्चेंट के साथ मनाया। इसकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। तृप्ति ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर बर्थडे सेलिब्रेशन की झलकियां शेयर कीं, जिसमें वो केक काटती नजर आईं। सैम ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कुछ खास तस्वीरें शेयर कीं।

एक वीडियो में तृप्ति ब्लैक ड्रेस में केक काटते हुए दिखीं, वहीं दूसरी तस्वीर में सैम ने लिखा,“हैप्पी बर्थडे टू द बेस्ट सोल” और दूसरी फोटो में लिखा, “हैप्पी बर्थडे टू अवर डियरेस्ट डार्लिंग, वी लव यू सो मच।” इन तस्वीरों को देखकर फैंस सोच रहे हैं कि तृप्ति और सैम ने अब अपना रिश्ता सार्वजनिक कर दिया है। हालांकि इससे पहले भी दोनों को कई बार वेकेशन और डिनर डेट पर साथ देखा गया है, लेकिन उन्होंने आज तक पर्सनल लाइफ पर खुलकर बात नहीं की।

यूं तो तृप्ति कई सालों से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक्टिव हैं, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा शौहरत ‘एनिमल’ फिल्म से मिली। साल 2023 के अंत में आई इस फिल्म के बाद उन्हें फैंस ने नेशनल क्रश की उपाधि दे डाली। तृप्ति को लगातार कई फिल्मों के ऑफर मिल रहे हैं। उनकी पिछली फिल्म भूल भुलैया 3 थी। इससे पहले वह राजकुमार राव के साथ ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ और विक्की कौशल के साथ ‘बैड न्यूज’ में दिखी थीं।