एक्टर बॉबी देओल (56) ने अपने अब तक के सफर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। उनकी वेब सीरीज ‘आश्रम’ और फिल्म ‘एनिमल’ ने उनके करिअर में फिर से जान फूंक दी है। इन प्रोजेक्ट्स में लोगों को उनकी अदाकारी बहुत पसंद आई। फिलहाल वे सितंबर में रिलीज हुई आर्यन खान की वेब सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। बॉबी को 6 अक्टूबर को फिल्म इंडस्ट्री में 30 साल पूरे हो गए। उन्होंने इस बारे में इंस्टाग्राम पर पोस्ट डालने के साथ इसका जश्न पैपराजी के साथ मनाया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इस बीच बॉबी ने हाल ही में स्क्रीन के साथ इंटरव्यू में अपनी जर्नी को लेकर खुलकर बात की।
इस दौरान उनकी पहली फिल्म ‘बरसात’ (1995) के सेट से जुड़ी यादों के बारे में पूछा गया। इस पर बॉबी ने कहा कि फिल्म का मुहूर्त शॉट मेरे बर्थडे के दिन शूट किया गया था। उस वक्त मैं सिर्फ 22-23 साल का था। उस शॉट में मुझे सीढ़ियों से नीचे उतरना था और एक खास दिशा में देखते हुए मुस्कुराना था। शुरू में फिल्म का डायरेक्शन शेखर कपूर कर रहे थे और शूटिंग 27 दिनों तक चली भी थी, लेकिन बाद में इसे रोक दिया गया क्योंकि उन्हें ‘बैंडिट क्वीन’ का ऑफर मिल गया और वो उसे करना चाहते थे। मेरे पिता चाहते थे कि मेरी पहली फिल्म सही समय पर तैयार हो जाए इसलिए बाद में राजकुमार संतोषी ने फिल्म को डायरेक्ट किया।
इस मूवी में पहले करिश्मा कपूर को कास्ट किया जाना था, लेकिन उस समय कहानी पूरी तरह तैयार नहीं थी और स्क्रिप्ट पर काम चल रहा था। उस दौर में एक्ट्रेस लंबे समय तक इंतजार नहीं कर सकती थीं। करिश्मा थोड़ी इनसिक्योर हो गई थीं। मैं उन्हें इसके लिए दोषी नहीं मानता। करिश्मा ने फैसला किया कि वो अपना डेब्यू फिल्म ‘प्रेम कैदी’ से करेंगी। ये किस्मत में लिखा था कि मेरा और ट्विंकल खन्ना का डेब्यू साथ में होना था। आगे जाकर इंडस्ट्री छोड़ना उनका फैसला था। वो हमेशा से ही निडर रही हैं। उनके अंदर एक अलग सा एटीट्यूड है जो आज भी सबको नजर आता है। अपने स्ट्रांग माइंडसेट की वजह से ही आज वो एक राइटर बनी हैं।
अगर रणबीर को 3 घंटे संभालने थे, तो मुझे सिर्फ 15 मिनट संभालने थे : बॉबी देओलबता दें साल 2023 की ब्लॉकबस्टर मूवी ‘एनिमल’ में बॉबी ने 15 मिनट का कैमियो रोल प्ले किया था। उनके कैरेक्टर का नाम ‘अबरार हक’ था, जो बोल नहीं सकता था। हालांकि उनकी प्रजेंस इतनी दमदार थी कि हर तरफ बॉबी के रोल की चर्चा हुई। फैंस कहने लगे कि उन्होंने रणबीर को ओवरशैडो किया यानी बॉबी लोगों के दिलों-दिमाग पर छा गए। अब बॉबी ने इस पर रिएक्ट किया है। बॉबी ने फिल्मीज्ञान के साथ बातचीत में कहा कि ओवरशैडो जैसा कुछ नहीं है। अगर रणबीर को 3 घंटे संभालने थे, तो मुझे सिर्फ 15 मिनट संभालने थे।
अगर रणबीर वो 3 घंटे नहीं संभाल पाता तो मेरे 15 मिनट की कोई वैल्यू नहीं होती। रणबीर ने जिस तरह से कैरेक्टर परफॉर्म किया ये इसीलिए हुआ। अगर रणबीर ने सही नहीं किया होता तो मेरी एंट्री का इतना मतलब नहीं होता। एक्शन फिल्म में ड्रामा तभी चलता है जब आपका हीरो और विलेन दोनों स्ट्रॉन्ग हों। दोनों को अच्छा परफॉर्म करना पड़ता है। ऐसा नहीं होना चाहिए कि शुरुआत से ही पता हो कि कौन जीतने वाला है तो फिर फन नहीं होता है।