2 News : करण की यह पोस्ट देख अनुमान लगाने लगे लोग, कार्तिक ने शेयर किया इस खास फैन के साथ वीडियो

फिल्ममेकर करण जौहर हमेशा चर्चाओं में बने रहते हैं। उनका काम तो लोगों का ध्यान खींचता ही है, साथ ही उनकी बातें भी टॉकिंग पॉइंट बन जाती हैं। करण किसी भी मुद्दे पर खुलकर बोलने के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में उनके पंगे भी हो जाते हैं और वे आफत मोल ले लेते हैं, लेकिन उन्हें इसकी कोई परवाह नहीं। खास तौर से सोशल मीडिया यूजर्स उन्हें खूब ट्रॉल करते हैं। अब वे अपनी एक क्रिप्टिक पोस्ट के कारण समाचारों में आ गए हैं। इस पोस्ट में उन्होंने आत्ममूल्य, नकारात्मक लोगों से दूरी और व्यक्तिगत विकास पर अपने विचार शेयर किए हैं।

करण ने नेगेटिविटी को नजरअंदाज करने, खुद को महत्व देने और अच्छे लोगों का साथ चुनने की सलाह देने के साथ सही अवसरों और रिश्तों पर भरोसा रखने की बात कही है। इंस्टाग्राम पर अपलोड की गई पोस्ट में कई स्लाइड्स हैं, जिनमें गहरे विचार लिखे हैं। उन्होंने पहली स्लाइड में लिखा, “नियम 1 : लोग क्या सोचते हैं, उससे कोई मतलब नहीं।” दूसरी स्लाइड में लिखा, “कभी-कभी आपकी कीमत तब समझ आती है, जब आप वहां नहीं होते।” तीसरी स्लाइड में लिखा, “नेगेटिव लोगों को नजरअंदाज करना ही आत्म-देखभाल है।” बाकी स्लाइड्स में लिखा है कि छोटी-छोटी बातों से विचलित होने से बड़ा काम नहीं होता, हमेशा सीखने की आदत रखनी चाहिए और सही लोग वही हैं जो आपको समझें और साथ दें।

करण ने कैप्शन में लिखा, “विचार जिनसे मैं सहमत हूं…” यह पोस्ट देखने के बाद लोग यह अनुमान लगाने में लगे हुए हैं कि करण का इशारा किसकी ओर है और वे किन्हें प्रेरित कर रहे हैं। करण के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो जल्द ही उनकी फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ आने वाली है। इस फिल्म में वरुण धवन, जान्हवी कपूर, सान्या मल्होत्रा, रोहित सराफ, मनीष पॉल और अक्षय ओबेरॉय मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म 2 अक्टूबर को रिलीज होगी। इसके अलावा उनका प्रोडक्शन हाउस फिल्म ‘मिराय’ को हिंदी में रिलीज कर रहा है। यह फिल्म 12 सितंबर को रिलीज हो रही है। इसमें दक्षिण भारतीय फिल्मों के अभिनेता तेजा सज्जा लीड रोल निभाते दिखाई देंगे।
कार्तिक आर्यन से मिलने के लिए वाराणसी से मुंबई पहुंचा शख्स

कार्तिक आर्यन मौजूदा दौर के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक हैं। उन्हें चाहने वालों की कोई कमी है। वे उनकी एक झलक पाने को हमेशा बेकरार रहते हैं। फिलहाल वे एक फैन की वजह से सुर्खियों में हैं। वह कार्तिक से मिलने वाराणसी से आया है, जिसका वीडियो एक्टर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। वह फैन बोल और सुन नहीं सकता। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में फैन पहले कार्तिक के साथ उत्साह से तस्वीरें खिंचवाते नजर आते हैं।

इसके बाद वह इशारों में कार्तिक की तारीफ करते हैं और खुशी व्यक्त करते हैं। वीडियो का सबसे प्यारा पल तब आता है, जब फैन कार्तिक की सुपरहिट फिल्म ‘भूल भुलैया’ के गाने 'हरे राम हरे कृष्णा' का हुक स्टेप करता है। आखिर में फैन चश्मा पहनकर कार्तिक के साथ मजेदार अंदाज में पोज देता है। कार्तिक ने कैप्शन में लिखा, “तुम बोल नहीं सकते थे, लेकिन तुम्हारे हाव-भाव और भावनाएं मैं समझ गया। तुम सुन नहीं सकते, लेकिन मुझे यकीन है कि तुम मेरा प्यार महसूस कर पाए।

ऐसा प्यार और अपनापन पाने के लिए मैंने शायद अच्छे कर्म किए होंगे। वाराणसी से सिर्फ मुझसे मिलने आए इस फैन का दिल से शुक्रिया। मैं हमेशा आभारी रहूंगा।” कार्तिक के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी फिल्म 'भूल भुलैया-3' पिछले साल दिवाली पर रिलीज हुई थी। इसमें उनके साथ माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी, विद्या बालन थीं। बताया जा रहा है कि वे अब इस दिवाली पर अनुराग बासु की फिल्म में नजर आ सकते हैं।