दिवंगत दिग्गज एक्टर राज कपूर के नाती आदर जैन और अलेखा आडवाणी जल्द ही एक बार फिर से विवाह बंधन में बंधने के लिए तैयार हैं। हिंदू रीति-रिवाज से की जाने वाली शादी से पहले के समारोह शुरू हो गए हैं। बुधवार (19 फरवरी) रात मेहंदी की रस्म अदा की गई। जहां आदर ने अपनी मेहंदी सेरेमनी के लिए थ्री पीस ऑफ व्हाइट शेरवानी पहनी थी वहीं अलेखा ने व्हाइट कलर का लहंगा पहना था। कपल ने पैपराजी को जमकर पोज दिए। समारोह में कपल के रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए। आदर की ममेरी बहन करीना कपूर खान व करिश्मा कपूर भी वहां पहुंचीं।
दोनों बहनें कमाल की लग रही थीं। करीना ने मल्टीकलर का सूट पहन एंट्री मारी। आदर के ममेरे भाई एक्टर रणबीर कपूर पत्नी आलिया भट्ट और सास सोनी राजदान के साथ पहुंचे। रणबीर जहां आइवरी शेरवानी में शानदार लग रहे थे, वहीं आलिया ने पीले रंग के शरारा सेट का चुनाव किया, जिसके साथ उन्होंने येलो पोटली भी रखी थी। आलिया ने हैवी मेकअप के साथ चांदबालियां कैरी की थीं, लेकिन लोगों की निगाह उनके आउटफिट से ज्यादा बालों पर गई। उनका हेयर स्टाइल काफी अलग और यूनिक था।
आदर की मामी दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर की पत्नी नीतू कपूर और उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी भी नजर आईं। एक्ट्रेस जया बच्चन भी सेरेमनी में शामिल हुईं। आदर के कपूर खानदान से संबंध की बात करें तो वे रणधीर, ऋषि व राजीव कपूर की बहन रीमा जैन व मनोज जैन के बेटे हैं। बता दें जनवरी में आदर और अलेखा गोवा में निजी समारोह में क्रिश्चियन तरीके से शादी कर चुके हैं।
शादी में नीतू, करिश्मा, अरमान जैन, अनीसा मल्होत्रा जैन, निताशा नंदा समेत कपूर खानदान के कई सदस्यों ने शिरकत की थी। उल्लेखनीय है कि पिछले साल नवंबर में आदर का रोका समारोह हुआ था, जिसमें भी करीना, करिश्मा, रणबीर, आलिया और नीतू सहित कई हस्तियां शामिल हुई थीं। आदर ने सितंबर में समंदर के किनारे अलेखा से प्यार का इजहार किया था। इसके बाद उन्होंने सगाई का ऐलान किया था। वैसे आदर व अलेखा ने नवंबर 2023 में ही सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर कर रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया था।
आदर ने अलेखा के लिए कहा, मैं हमेशा से उसे प्यार करता था…समारोह के दौरान आदर ने अलेखा के लिए प्यार का इजहार किया। साथ ही बताया कि उन्होंने 4 साल टाइमपास किया। आदर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें आदर कहते हैं, “मैं हमेशा से उसे चाहता था और हमेशा उसके साथ रहना चाहता था, लेकिन मुझे कभी उसके साथ रहने का मौका नहीं मिला। उसने मुझे टाइम-पास के जरिए 20 साल के लंबे सफर पर भेज दिया। लेकिन आज के दिन ये इंतजार करने के बाद सब कुछ सही लगता है, क्योंकि मैं इस खूबसूरत, महिला से शादी कर रहा हूं जो एक ख्वाब जैसी लगती है।
मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं और यह इंतजार करना वाकई में सही था। ये एक राज है, मैं हमेशा से उसे प्यार करता था। मैंने अपनी जिंदगी के चार साल टाइमपास किया। लेकिन अब मैं प्यार करता हूं और तुम्हारा ही हूं, बेबी।” अलेखा से पहले आदर एक्ट्रेस तारा सुतारिया के साथ रिलेशनशिप में थे। दोनों ने कुछ सालों तक एक-दूसरे को डेट भी किया। कपल को अक्सर एकसाथ स्पॉट किया जाता था लेकिन साल 2023 में उनका ब्रेकअप हो गया।