कन्नड़ फिल्म ‘कांतारा’ के स्टार और निर्देशक ऋषभ शेट्टी हाल ही में मशहूर टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ के सेट पर पहुंचे, जहां उन्होंने सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से मुलाकात की। इस मौके पर ऋषभ ने बिग बी को उनके जन्मदिन पर एक विशेष उपहार भेंट किया। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिन्हें देखकर प्रशंसक भावुक और उत्साहित दोनों हो गए हैं।
अमिताभ बच्चन के साथ ऋषभ शेट्टी की यादगार मुलाकातऋषभ शेट्टी अपनी आने वाली फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ के प्रमोशन के सिलसिले में केबीसी 17 के सेट पर पहुंचे थे। शो की शूटिंग के दौरान उन्होंने अमिताभ बच्चन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और एक खास तोहफा सौंपा। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि अमिताभ बच्चन सफेद प्रिंटेड जैकेट, काली ट्राउजर और मैचिंग जूते पहने बेहद स्टाइलिश अंदाज में नजर आ रहे हैं, जबकि ऋषभ पारंपरिक दक्षिण भारतीय परिधान वेष्टी और काली शर्ट में दिखाई दे रहे हैं।
दोनों के चेहरों पर मुस्कान उनके आपसी सम्मान और सौहार्द को बखूबी दर्शाती है। फैंस इन तस्वीरों को खूब पसंद कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर दोनों कलाकारों की इस मुलाकात को ‘महान और प्रेरणादायक’ बता रहे हैं।
सोशल मीडिया पर ऋषभ शेट्टी का भावुक संदेशऋषभ शेट्टी ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा —“महान अभिनेता अमिताभ बच्चन सर को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपकी यात्रा, अनुशासन और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ईश्वर आपको सदा उत्तम स्वास्थ्य और असीम ऊर्जा प्रदान करे।”
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा —“टीम #KantaraChapter1 भारतीय सिनेमा के शहंशाह @amitabhbachchan सर को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देती है। #KaunBanegaCrorepati के आगामी एपिसोड के लिए बेहद उत्साहित हूं। आपके साथ जुड़ना हमारे लिए सम्मान की बात है।”
‘कांतारा चैप्टर 1’ मचा रहीधमाल
ऋषभ शेट्टी का यह दौरा उनकी नई फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ के प्रचार का हिस्सा है। यह फिल्म उनकी 2022 की सुपरहिट कन्नड़ फिल्म ‘कांतारा’ का प्रीक्वल है, जिसने दुनियाभर में 550 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। होम्बले फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 2 अक्टूबर 2025 को रिलीज़ हुई और इसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
‘कांतारा चैप्टर 1’ को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि यह फिल्म अपनी रहस्यमयी कहानी, पौराणिक लोककथाओं और भारतीय संस्कृति के गहरे प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के कारण एक बार फिर दर्शकों के दिलों में उतर जाएगी।
फिल्म ने अपने प्रदर्शन के 11 दिन में भारतीय घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ के आंकड़े को पार करने में सफलता प्राप्त कर ली है। उम्मीद की जा रही है यह आगामी सप्ताह शुक्रवार तक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ की कमाई करने में सफल हो जाएगी। फिल्म के सामने हिन्दी और दक्षिण भारतीय भाषा की कोई भी बड़ी फिल्म नहीं है, जिसके चलते दर्शकों का पूरा ध्यान कांतारा चैप्टर 1 पर है। सिनेमाघरों में दर्शकों की उमड़ती भीड़ इस बात का स्पष्ट अहसास करवा रही है कांतारा चैप्टर 1 जल्द ही 500 करोड़ के आंकड़े को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पार कर जाएगी।