सिनेमाघरों के बाद अमेज़न प्राइम पर धमाल मचाएगी ऋषभ शेट्टी की कांतारा चैप्टर 1, इस तारीख को होगी रिलीज

ऋषभ शेट्टी की बहुप्रतीक्षित फिल्म कांतारा चैप्टर 1 आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फैंस का उत्साह चरम पर था क्योंकि यह फिल्म 2022 में आई कांतारा का प्रीक्वल है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही फिल्म के प्रति क्रेज लगातार बढ़ता गया। साउथ से लेकर नॉर्थ तक हर जगह सिर्फ कांतारा की चर्चा थी। एडवांस बुकिंग में मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया ने पहले ही तय कर दिया था कि फिल्म सिनेमाघरों में धूम मचाने वाली है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि फिल्म सिनेमाघरों के बाद किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी।

ऋषभ शेट्टी ने नॉर्थ के दर्शकों से कनेक्ट करने के लिए दिलजीत दोसांझ को एक खास गाना गवाया है, जो हर जगह फिल्म की तारीफ का कारण बन रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के ओटीटी राइट्स करोड़ों में बिक चुके हैं।

ओटीटी राइट्स कितने में बिकी

सूत्रों की मानें तो कांतारा चैप्टर 1 के डिजिटल राइट्स एक ओटीटी प्लेटफॉर्म ने 125 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, इतनी मोटी डील के साथ यह पहली कन्नड़ फिल्म बन गई है जिसका डिजिटल राइट्स इतने भारी दाम में बिके हैं। इस सूची में दूसरे नंबर पर केजीएफ 2 का नाम आता है। डिजिटल राइट्स सभी भाषाओं में खरीदे गए हैं।
कब और कहां होगी ओटीटी पर रिलीज

ओटीटी प्ले की रिपोर्ट के मुताबिक, कांतारा चैप्टर 1 अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। दर्शक इसे 30 अक्टूबर से अमेज़न प्राइम पर देख पाएंगे। फिल्म सिनेमाघरों पर रिलीज होने के चार हफ्ते बाद ही ओटीटी पर उपलब्ध होगी। कन्नड़, तेलुगू, तमिल और मलयालम वर्जन 30 अक्टूबर को आएंगे, जबकि हिंदी वर्जन आठ हफ्तों बाद रिलीज होगा।

सिनेमाघरों में रिकॉर्ड तोड़ कमाई

बता दें कि कांतारा चैप्टर 1 ने एडवांस बुकिंग से पहले ही शानदार कमाई कर ली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फिल्म इस साल रिलीज हुई कई फिल्मों के पहले दिन के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए तैयार है। दर्शक सिनेमाघरों और ओटीटी दोनों प्लेटफॉर्म पर इस फिल्म का खूब आनंद लेने वाले हैं।