खुद को क्रिटिक बताने वाले कमाल आर खान अपने एक विवादित ट्वीट के चलते कल यानी मंगलवार को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किए गए। केआरके की गिरफ्तारी के बाद बोरिवली कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में भेजने का फैसला सुनाया। लेकिन गिरफ्तारी के बाद कमाल आर खान की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के शताब्दी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, कमाल आर खान ने गिरफ्तारी के बाद सीने में दर्द की शिकायत की, जिसकी वजह से उन्हें मुंबई के शताब्दी अस्पताल में ले जाया गया।
दरअसल, कमाल आर खान के खिलाफ मुंबई के मलाड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके बाद उन्हें बीते दिन पुलिस ने अपनी हिरासत में लिया। केआरके के खिलाफ शिकायत युवा सेना के सदस्य राहुल कनाल ने की थी।
कमाल आर खान को मलाड पुलिस ने आईपीसी 153A, 294,500,501,505, 67/98 एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। कमाल आर खान के खिलाफ 2020 में एक FIR दर्ज होने के बाद लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। केआरके पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर धर्म को लेकर विवादित ट्वीट किए।