सुनील पाल का बड़ा दावा, 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' के लिए मिला 25 लाख का ऑफर, गाली-गलौज के कारण कर दिया इनकार

मुंबई। कॉमेडियन सुनील पाल ने एक बार फिर स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना और उनके शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' को लेकर बड़ा दावा किया है। पाल का कहना है कि उन्हें शो का हिस्सा बनने के लिए 25 लाख रुपये का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उनके मुताबिक, उन्होंने यह फैसला इसलिए लिया क्योंकि वह ऐसे मंच पर प्रस्तुति नहीं देना चाहते, जहां अभद्र भाषा और गाली-गलौज का इस्तेमाल किया जाता हो।

हाल ही में मुंबई में पैपराजी से बातचीत के दौरान सुनील पाल ने इस पूरे घटनाक्रम का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि समय रैना ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से शो में शामिल होने का निमंत्रण दिया था और इसके बदले 25 लाख रुपये की पेशकश भी की थी। हालांकि, उन्होंने साफ शब्दों में मना कर दिया क्योंकि उनकी कॉमेडी की शैली ऐसी भाषा का समर्थन नहीं करती।

मैं गालियां देकर लोगों को नहीं हंसा सकता

सुनील पाल के अनसार, जब उन्होंने समय रैना से कहा कि वह मंच पर किसी भी तरह की गाली-गलौज नहीं करेंगे, तो समय ने जवाब दिया कि उन्हें ऐसा करने की जरूरत भी नहीं होगी। पाल का दावा है कि समय ने कहा था कि अगर वह खुद ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहते तो कोई बात नहीं, लेकिन शो में मौजूद अन्य प्रतिभागी और कलाकार ऐसा करेंगे।

पाल ने कहा कि यह बात उनके सिद्धांतों के खिलाफ थी, इसलिए उन्होंने मोटी रकम मिलने के बावजूद प्रस्ताव ठुकरा दिया। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया, जिसे इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर सिद्धांत (Cidhant) ने साझा किया।

शो के कंटेंट पर पहले भी उठा चुके हैं सवाल

यह पहली बार नहीं है जब सुनील पाल ने समय रैना के शो की आलोचना की हो। वह लंबे समय से 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में इस्तेमाल होने वाली भाषा और कंटेंट को लेकर अपनी असहमति जताते रहे हैं। हाल ही में शो के दूसरे सीजन के पहले एपिसोड में आलिया भट्ट और शरवरी की मौजूदगी के बाद भी उन्होंने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए लिखा था, जहां है गालियां, वहां है आलिया। यह पोस्ट काफी चर्चा में रही।

पाल का मानना है कि लोकप्रिय कलाकारों को ऐसे मंचों से जुड़ने से पहले यह भी देखना चाहिए कि वहां किस तरह की सामग्री दर्शकों तक पहुंचाई जा रही है।

2025 से चली आ रही है दोनों के बीच तकरार

सुनील पाल और समय रैना के बीच मतभेद कोई नई बात नहीं है। दोनों के बीच विवाद की शुरुआत वर्ष 2025 में हुई थी, जब यूट्यूब पर प्रसारित 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के पहले सीजन को लेकर पाल ने सार्वजनिक रूप से कड़ी आलोचना की थी।

उस समय उन्होंने एक समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा था कि ऐसे लोगों को स्टैंड-अप कॉमेडियन कहना असली कॉमेडी का अपमान है। उन्होंने शो में इस्तेमाल होने वाली भाषा और प्रस्तुति पर गंभीर आपत्ति जताते हुए तीखे शब्दों में अपनी नाराजगी जाहिर की थी, जिसके बाद यह बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ।

युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहा ऐसा कंटेंट

सुनील पाल ने उस दौरान यह भी कहा था कि देश के युवा जहां अच्छे संस्कार और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं इस तरह के कार्यक्रमों में अश्लील भाषा और आपत्तिजनक हास्य को बढ़ावा दिया जा रहा है। उनके अनुसार यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि शिक्षित आयोजक भी ऐसे कंटेंट को मंच उपलब्ध करा रहे हैं, जबकि मनोरंजन के साथ बेहतर संदेश देने की जिम्मेदारी भी होनी चाहिए।

उन्होंने कहा था कि हास्य का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ तरीके से हंसाना होना चाहिए, न कि विवादित भाषा और अभद्र संवादों के जरिए लोकप्रियता हासिल करना।

समय रैना ने भी दिया था जवाब

सुनील पाल की लगातार आलोचनाओं के बाद समय रैना ने भी अपने लाइव स्टैंड-अप शो 'स्टिल अलाइव' के दौरान प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने बिना नाम लिए सुनील पाल को इनसिक्योर (असुरक्षित) और फ्रस्ट्रेटेड (हताश) बताया था।

समय ने यह भी कहा था कि सुनील पाल ने उन्हें सलाह दी थी कि वह कॉमेडी के लिए कपिल शर्मा से सीखें। इसके जवाब में उन्होंने मंच से तंज कसते हुए कहा था, जिन कपिल शर्मा से सीखने की बात कही जा रही थी, वही खुद मेरे शो के अगले एपिसोड में आने वाले थे। इतना ही नहीं, उन्होंने मुझे संदेश भेजकर कहा था कि उन्हें मेरा शो काफी पसंद है।

दोनों कॉमेडियनों के बीच यह जुबानी जंग पिछले काफी समय से चर्चा का विषय बनी हुई है और अब 25 लाख रुपये वाले ऑफर के दावे के बाद यह विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।