एक्ट्रेस काजोल (51) इन दिनों ट्विंकल खन्ना के साथ मिलकर ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर सेलिब्रिटी चैट शो 'टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल' होस्ट कर रही हैं। इस शो के दूसरे एपिसोड में जब वरुण धवन और आलिया भट्ट आए थे तो काजोल ने कहा था कि एक्टर्स 9-5 की नौकरी करने वाले लोगों से ज्यादा मेहनत करते हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर काजोल को ट्रॉल किया जाने लगा। उनकी तीखी आलोचना हो रही है और कई यूजर्स ने उनके बयान को संवेदनहीन भी बताया। बात बहुत बढ़ने पर अब इस काजोल ने इस पर सफाई दी है। काजोल ने 'द हॉलीवुड' को दिए इंटरव्यू में फिल्म सेट पर काम करने के तरीके पर बात करते हुए कहा कि यह बहुत ही सतर्क और पूरी तरह से केंद्रित रहने वाला काम है।
जब आप शूटिंग कर रहे होते हैं तो आपको अपना 100 परसेंट देना पड़ता है। हमने ‘द ट्रायल सीजन 2’ के लिए लगातार लगभग 35 से 40 दिन तक शूटिंग की। आपको वर्कआउट करना होता है, सही खाना होता है और अपने शरीर को बनाए रखना होता है, क्योंकि शरीर में थोड़े से भी बदलाव से लुक और कॉस्ट्यूम पर असर पड़ता है। यह बहुत बड़ा दबाव होता है। काजोल ने एक्टिंग की तुलना कॉर्पोरेट नौकरी से करते हुए बताया कि एक्टर्स को आराम का कोई वक्त नहीं मिलता, जैसा कि ऑफिस कर्मचारियों को मिलता है।
काजोल ने कहा कि जब आप 9 से 5 नौकरी करते हैं तो आप टी ब्रेक ले सकते हैं या थोड़ा आराम कर सकते हैं। हम एक्टर्स ऐसा नहीं कर सकते। हमें लगातार देखा जाता है, हम कैसे बैठते हैं, पैर कैसे मोड़ते हैं, मुस्कुराते या हिलते-डुलते कैसे हैं। हर पल हम पर नजर रहती है। हम इसी तरह जीते हैं। अगर फिल्म की शूटिंग न भी हो, तो भी एक्टर्स बिजी रहते हैं। कभी इवेंट अटेंड कर रहे होते हैं, कुछ न कुछ शूट कर रहे होते हैं। और हर बार 100% प्रजेंट रहना पड़ता है।
मेरी मां 24 घंटे काम करती थीं, उन्हें उतनी फीस नहीं मिलती थी : काजोलइंटरव्यू में काजोल ने खुलासा किया कि वह अपने परिवार की विरासत को कभी आगे नहीं बढ़ाना चाहती थीं। वह नहीं चाहती थीं कि फिल्मी दुनिया में आएं। काजोल की मां तनुजा अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री रही हैं। पिता शोमू मुखर्जी फिल्में बनाते थे, जबकि काजोल की नानी शोभना समर्थ भी फिल्मी दुनिया का हिस्सा थीं। काजोल ने कहा कि जब मैं बड़ी हो रही थी, मुझे एहसास हुआ कि मेरी मां ने बहुत संघर्ष किया। वो 24 घंटे काम करती थीं, उन्हें उतनी फीस नहीं मिलती थी।
मुझे याद है, मैं सोचती थी कि मैं इतनी मेहनत कभी नहीं करना चाहती। वो सुबह 7 बजे से देर रात तक काम करती थीं। यही कारण था कि मैं फिल्मों में कभी नहीं आना चाहती थीं। अगर स्क्रिप्ट पसंद आ जाए, तो ज्यादा नियम-कानून नहीं होते हैं, लेकिन मेरी कुछ सीमाएं साफ हैं। मैं खुद को रेप या छेड़छाड़ वाले सीन से दूर रखती हूं।
मुझे ऐसे विषय पसंद नहीं और मुझे नहीं लगता है कि एक अभिनेत्री के तौर पर खुद को साबित करने के लिए ये जरूरी है। काजोल ने हाल ही 70वें हुंडई फिल्मफेयर अवार्ड्स सेरेमनी में धूम मचा दी थी। काजोल और शाहरुख खान का डांस वीडियो खूब वायरल हो रहा है। काजोल की इस साल दो फिल्में ‘सरजमीं’ और ‘मां’ रिलीज हो चुकी हैं।