केरल की कैजिया लिज मेजो ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। 23 अगस्त 2026 को राजस्थान के जयपुर स्थित जी स्टूडियोज में आयोजित प्रतियोगिता के फिनाले में 52 प्रतिभागियों के बीच कैजिया ने बाजी मारी। फाइनल राउंड में दिए गए 40 सेकेंड के क्लोजिंग रिमार्क ने उन्हें खिताब तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पूर्व विजेता मनिका विश्वकर्मा ने कैजिया को ताज पहनाया।
टॉप-5 में इन सुंदरियों ने बनाई जगहमिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के अंतिम चरण में पांच प्रतिभागियों ने जगह बनाई थी। इनमें तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश, महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव, केरल की कैजिया लिज मेजो, गुजरात की अनुश्री सतवालेकर और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ शामिल थीं।
फाइनल में कैजिया और वैष्णवी गणेश के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और दोनों टॉप-2 तक पहुंचीं। अंत में कैजिया विजेता बनीं, जबकि वैष्णवी को फर्स्ट रनर-अप चुना गया। गुजरात की अनुश्री सतवालेकर सेकंड रनर-अप रहीं। महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव थर्ड रनर-अप और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ चौथी रनर-अप रहीं।
नवंबर में प्यूर्टो रिको जाएंगी कैजियामिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब जीतने के बाद कैजिया लिज मेजो अब नवंबर 2026 में प्यूर्टो रिको में आयोजित होने वाली मिस यूनिवर्स 2026 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कौन हैं कैजिया लिज मेजो?19 वर्षीय कैजिया लिज मेजो लॉ की छात्रा होने के साथ मॉडल और प्रशिक्षित क्लासिकल डांसर हैं। इससे पहले वह 'मिस टीन इंटरनेशनल' प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, जहां वह फर्स्ट रनर-अप रही थीं।
राष्ट्रीय स्तर पर मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज जीतने से पहले कैजिया ने मिस यूनिवर्स केरल 2026 का खिताब भी हासिल किया था।
सुष्मिता सेन समेत इन दिग्गजों ने किया जजजयपुर में आयोजित इस पेजेंट के जज पैनल में बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन, उर्वशी रौतेला और सेलिना जेटली शामिल थीं। फिल्ममेकर प्रज्ञा कपूर समेत अन्य दिग्गजों ने भी प्रतियोगिता को जज किया।
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026, इस प्रतियोगिता का तीसरा एडिशन था। फिनाले में 52 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और आखिरकार केरल की कैजिया लिज मेजो ने विजेता का ताज हासिल किया।