2 News : कबीर बेदी को इटली का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, शेयर की फोटो, प्रियंका ने की फिलिस्तीन में युद्धविराम की अपील

कबीर बेदी ने बॉलीवुड में कई फिल्मों में अपनी शानदार अदाकारी का जलवा दिखाया है। जब उनका पीक टाइम था तो उनकी तगड़ी पर्सनलिटी और दमदार आवाज पर हर कोई मोहित था। उनके फैंस के लिए अब एक खुशी की बात सामने आई है। दरअसल कबीर को मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के सामने हुए एक निजी समारोह में सर्वोच्च इतालवी नागरिक पुरस्कार 'ऑर्डर ऑफ मेरिट ऑफ द इटालियन रिपब्लिक' (मेरिटो डेला रिपब्लिका इटालियाना) से सम्मानित किया गया है।

कबीर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये इसकी खुशी जाहिर की है। कबीर ने दोहिती अलाया फर्नीचरवाला और बेटी पूजा बेदी के साथ अवार्ड सेरेमनी की कुछ फोटो शेयर कीं। साथ ही उन्होंने एक लंबा-चौड़ा नोट लिखा। कबीर ने लिखा, “मुझे इटली के सर्वोच्च सम्मानों में से एक ‘द ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया गया। मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के सामने एक निजी समारोह में मुझे सबसे प्रतिष्ठित इतालवी नागरिक पुरस्कार ‘ऑर्डर ऑफ मेरिट ऑफ द इटालियन रिपब्लिक’ (मेरिटो डेला रिपब्लिका इटालियाना) से सम्मानित किया गया।

यह मेरे लिए बहुत भावनात्मक पुरस्कार था। ऑर्डर ऑफ मेरिट, इटली का सर्वोच्च सम्मान है, जो इटली में किए गए मेरे काम की पूर्ति है। यह कैवेलियरे (नाइट) से भी ऊंचा है, जो उन्होंने मुझे बारह साल पहले बनाया था। आखिर में कबीर ने लिखा, “इटली के राजदूत, विसेंजो डी लुका ने संदेश दिया, ‘कबीर न केवल भारत और आस-पास के कई देशों में जाने जाते हैं, बल्कि इटली के अच्छे खास प्रमोटर और प्रशंसक भी हैं।” बता दें कि 77 साल के कबीर की तीन शादियां हुई हैं। उन्होंने सबसे पहले प्रोतिमा बेदी, फिर निक्की बेदी और फिर साल 2016 में परवीन दुसांज के साथ शादी की। उनकी पहली फिल्म 1971 में आई ‘हलचल’ थी।

प्रियंका चोपड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर शेयर की पोस्ट

गाजा में हजारों लोगों की जानें जा चुकी हैं। लोगों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। अब इजराइल और फिलिस्तीन के हालत को लेकर ग्लोबल एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने अपनी राय व्यक्त की है। प्रियंका ने आज सोमवार (11 दिसंबर) को इंस्टाग्राम स्टोरीज पर फिलिस्तीन में युद्धविराम के लिए जोर देने वाली एक पोस्ट को फिर से शेयर किया। मेन पोस्ट यूनिसेफ ने शेयर की थी। इसमें लिखा है,बच्चों को एक स्थायी मानवीय युद्धविराम की जरूरत है।

बता दें कि नवंबर में कई मशहूर हस्तियों ने सीजफायर की वकालत करते हुए एक खुले पत्र पर अपने हस्ताक्षर किए, जो फिलिस्तीनी मौतों की बढ़ती संख्या के बीच गाजा में तनाव कम करने और युद्धविराम के लिए तत्काल कार्रवाई करने के लिए जो बाइडेन को एड्रेस किया गया था। इनमें रिचर्ड गेरे, हसन मिन्हाज, गिगी और बेला हदीद जैसे कई सेलेब्स के साथ प्रियंका भी युद्धविराम के लिए रैली करने वाले कलाकारों की लिस्ट में शामिल थीं।

उल्लेखनीय है कि प्रियंका पिछली बार 28 अप्रैल को रिलीज हुई जासूसी थ्रिलर वेब सीरीज 'सिटाडेल' में नजर आई थीं। यह सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है। एक कुशल जासूस नादिया सिंह का किरदार निभा रहीं प्रियंका के के दूसरे सीजन के लिए तैयारी कर रही हैं। इसके अलावा वे एक्शन-कॉमेडी फिल्म 'हेड ऑफ स्टेट' में भी दिखेंगी।