जूनियर एनटीआर के पेट डॉग का निधन, गहरे सदमे में एक्टर; अनदेखी तस्वीरों के साथ लिखा भावुक संदेश

तेलुगु सिनेमा के स्टार जूनियर एनटीआर इन दिनों निजी जिंदगी में बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। अभिनेता ने अपने प्यारे पेट डॉग बघीरा के निधन की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी है। बघीरा के जाने से भावुक एनटीआर ने उसके साथ बिताए चार वर्षों को याद करते हुए कुछ अनसीन तस्वीरें साझा कीं और एक दिल छू लेने वाला संदेश लिखा।

बघीरा जूनियर एनटीआर के लिए सिर्फ एक पालतू जानवर नहीं था, बल्कि धीरे-धीरे उनके परिवार का हिस्सा बन गया था। अभिनेता की पोस्ट में बघीरा के साथ उनकी खास बॉन्डिंग साफ दिखाई देती है। तस्वीरों में वह कभी अपने पेट डॉग को गले लगाते नजर आए तो कहीं उसके साथ समय बिताते दिखे।

बघीरा के साथ चार साल का खास रिश्ता

जूनियर एनटीआर ने बताया कि बघीरा उनकी जिंदगी में एक साथी के रूप में आया था, लेकिन समय के साथ वह परिवार का अहम हिस्सा बन गया। अभिनेता के मुताबिक, बघीरा ने उनके जीवन में प्यार, खुशी, शरारत और सुकून के कई पल जोड़े।

सोशल मीडिया पोस्ट में साझा की गई तस्वीरों में अभिनेता और बघीरा की नजदीकी देखने को मिलती है। एक तस्वीर में बघीरा की याद में लगाया गया पेड़ भी नजर आया, जो उसके प्रति अभिनेता के लगाव को दर्शाता है।
भावुक पोस्ट में छलका एनटीआर का दर्द

बघीरा को याद करते हुए जूनियर एनटीआर ने लिखा कि वह उनकी दुनिया में एक साथी बनकर आया था और बिना शोर किए परिवार का हिस्सा बन गया। अभिनेता ने उसके साथ बिताए चार सालों को अपनी जिंदगी का बेहद खूबसूरत हिस्सा बताया।

उन्होंने बघीरा के प्रति आभार जताते हुए उसके साथ बिताए पलों को याद किया और कहा कि उसके जाने के बाद एक गहरी खामोशी महसूस हो रही है। अभिनेता ने अपने संदेश के आखिर में अपने प्यारे दोस्त को आजादी से दौड़ने की बात कहते हुए उसे प्यार और यादों में हमेशा जिंदा रहने का संदेश दिया।

एनटीआर की इस पोस्ट के बाद उनके फैंस भी भावुक हो गए। सोशल मीडिया पर अभिनेता के प्रशंसकों ने उनके दुख में संवेदना जताई और बघीरा को श्रद्धांजलि दी।

बघीरा कौन था?

बघीरा एक बर्नीज माउंटेन डॉग था। जूनियर एनटीआर के साथ उसकी कई तस्वीरें पहले भी सामने आती रही हैं। अभिनेता की हालिया पोस्ट से पता चलता है कि बघीरा ने उनके जीवन में एक खास जगह बना ली थी और उसके साथ बिताया समय उनके लिए बेहद यादगार रहा।

कंधे की सर्जरी के बाद अब फिल्म पर नजर

जूनियर एनटीआर के लिए हाल का समय स्वास्थ्य के लिहाज से भी चुनौतीपूर्ण रहा है। अभिनेता के कंधे की आर्थ्रोस्कोपिक सर्जरी हुई थी। अस्पताल की ओर से बताया गया था कि उनकी सर्जरी सफल रही। इसके बाद खुद एनटीआर ने भी एक छोटे से नोट के जरिए अपनी सेहत को लेकर अपडेट साझा किया था।

वर्क फ्रंट की बात करें तो जूनियर एनटीआर अब प्रशांत नील की फिल्म 'ड्रैगन' में दिखाई देंगे। फिल्म की रिलीज डेट 11 जून 2027 तय है। ऐसे में निजी जिंदगी में बघीरा के निधन के दुख के बीच अभिनेता की नजर आगे अपने काम पर भी होगी।