2 News : जॉन ने प्रोपेगैंडा फिल्मों को लेकर रखी यह राय, सोनू के बेटे निवान का ट्रांसफॉर्मेशन देख हर कोई हैरान

एक्टर जॉन अब्राहम कई सालों से बॉलीवुड का अहम हिस्सा बने हुए हैं। वैसे तो जॉन ने हर तरह के रोल किए हैं, लेकिन उनकी इमेज एक्शन हीरो के रूप में ज्यादा है। जॉन इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘द डिप्लोमैट’ को लेकर चर्चाओं में है। फिल्म 14 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हाल ही एक इंटरव्यू में जॉन ने प्रोपेगैंडा फिल्मों के बारे में बात करते हुए कहा कि हिंदी सिनेमा अब उतना धर्मनिरपेक्ष नहीं रहा, जितना पहले हुआ करता था। जॉन ने द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया के साथ बातचीत में कहा कि मुझे नहीं लगता कि हम पहले जितने धर्मनिरपेक्ष हैं, यहां तक कि सिनेमा में व्यक्तिगत तौर पर भी।

हॉलीवुड में चीजें अलग हैं, लेकिन भारत में धर्मनिरपेक्ष होना और यहां उस ताने-बाने को बनाए रखना महत्वपूर्ण है। मुझे लगता है कि हम अब बहुत मुश्किल में फंस गए हैं। क्या हम ऐसी फिल्में बना रहे हैं जो प्रोपेगैंडा फिल्में हैं? मुझे नहीं पता। मेरा मतलब है, हम ऐसी फिल्में बना रहे हैं जो असरदार हैं। इसलिए कोई कहता है कि ‘द कश्मीर फाइल्स’ (2022) जैसी कोई खास फिल्म प्रोपेगैंडा मूवी है…आप जानते हैं कि सिनेमा के एक सामान्य कंज्यूमर के तौर पर, यह असरदार थी। कहानी ने आपको इंप्रेस किया।

मैं यहां यह तय करने के लिए नहीं हूं कि वह प्रोपेगैंडा फिल्म थी या नहीं, मैं एक दर्शक हूं जो सिनेमा को देख रहा है। और मेरे लिए, इसका क्रेडिट वहां के डायरेक्टर को जाता है, बस इतना ही। फिल्म उद्योग में लोगों को जब कोई फिल्म फ्लॉप होती है तो वे उसका मजाक बनाते हैं और उसी के बारे में अनाप-शनाप बातें कर एंजॉय करते हैं लेकिन वो उन लोगों में से हैं जो हर किसी की सफलता का जश्न मनाना पसंद करते हैं। मैं शायद उन कुछ लोगों में से एक हूं, जब कोई फिल्म अच्छा करती है तो मैं जश्न मनाता हूं।

हमारे यहां शोक संदेश लिखने और लोगों को नकारने की प्रवृत्ति है और इंडस्ट्री में लोग कहते हैं कि वो पिट गई, पिट गई। यह एक दुखद आनंद है। मैंने ‘छावा’ की सफलता के बाद विक्की कौशल और निर्माता दिनेश विजान को मैसेज किया था। मैं उनके लिए बहुत खुश था। मैंने दीनू को मैसेज किया क्योंकि मैं बहुत खुश हूं कि फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही है क्योंकि वे लोगों को वापस हॉल में ला रहे हैं और मुझे लगता है कि हमें इन लोगों का जश्न मनाना चाहिए।
सोनू निगम ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की बेटे निवान की तस्वीरें

सिंगर सोनू निगम ने अब तक कई सुपरहिट गानों को आवाज दी है। उनकी गायिकी का खास अंदाज श्रोताओं को दीवाना बना देता है। सोनू अपने बेबाक अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं और ऐसे में अक्सर चर्चाओं में रहते हैं। फिलहाल सोनू के बेटे निवान लाइमलाइट में हैं। वे 17 साल के हैं। सोनू अक्सर बेटे की तस्वीरों को शेयर करते हैं, लेकिन इस बार उनकी पोस्ट छा गई है। उन्होंने निवान का तगड़ा ट्रांसफार्मेशन दिखाया है। सोनू ने निवान की पांच तस्वीर शेयर की हैं।

पहली 2 तस्वीरों में निवान परफेक्ट नजर आ रहे हैं तो आगे की तस्वीरों में देखने को मिल रहा है कि उनका चेहरा पहले कैसा दिखता था और अब कितना ज्यादा बदल गया है। सोनू ने कैप्शन में लिखा, “भगवान तुमको हमेशा अपनी शरण में रखें। आज मैं तुमको सिर्फ आशीर्वाद भेज सकता हूं और तुम्हारी पहली पोस्ट के लिए तुम्हें बधाई।” सोनू ने निवान को इंस्टाग्राम पर डेब्यू करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

निवान ने अपनी पोस्ट शेयर करते हुए खुलासा किया कि इस फिजिकल बदलाव में उन्हें पूरे 2 साल लगे हैं। टाइगर श्रॉफ भी निवान की इस फिटनेस को देखकर दीवाने हो गए। निवान की मां मधुरिमा ने भी उनकी तारीफ की है। निवान का जन्म 25 जुलाई 2007 को हुआ था। निवान अपने पिता की तरह सिंगिंग में काफी अच्छे हैं और एक टॉप गेमर भी हैं।