यूं तो एक्टर जॉन अब्राहम (52) ने हर जोनर की फिल्में की है, लेकिन लोगों ने उन्हें सबसे ज्यादा प्यार एक्शन हीरो के रूप में दिया है। ऐसे में जॉन की यही इमेज सबके दिलों में बस गई है। जॉन भी अपने फैंस का ख्याल रखते हुए अधिकतर ऐसे किरदार चुनना ही पसंद करते हैं। अब उनकी सुपरहिट एक्शन फ्रेंचाइजी ‘फोर्स’ के तीसरे पार्ट को लेकर चर्चे चल रहे हैं। इससे जुड़ी बड़ी अपडेट ये है कि वे ‘फोर्स 3’ में अपने आइकॉनिक किरदार एसीपी यशवर्धन बनकर वापसी करने वाले हैं। यह किरदार एक सख्त पुलिस ऑफिसर का है, जो ईमानदारी और न्याय के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक जॉन करीब दो साल से इस फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे थे। उन्होंने न सिर्फ कहानी को नए सिरे से गढ़ा है बल्कि इस बार डायरेक्शन की कमान भी एक नए निर्देशक भाव धुलिया को सौंपी है। धुलिया अलग शैली और यथार्थवादी टच के लिए जाने जाते हैं। फिल्म की शूटिंग इस साल के आखिर में शुरू होने की उम्मीद है। स्क्रिप्ट को लेकर जॉन और धुलिया दोनों उत्साहित हैं। फिल्म के विलेन का नाम अभी तक सामने नहीं आया है, लेकिन खबरें हैं कि मेकर्स किसी बड़े नाम को इस किरदार के लिए साइन करने की योजना बना रहे हैं।
बता दें ‘फोर्स’ फ्रेंचाइजी की पहली मूवी साल 2011 में आई थी, जिसमें जॉन के साथ जेनेलिया डिसूजा थीं, जबकि विद्युत जामवाल खलनायक के रूप में थे। इसके डायरेक्टर निशिकांत कामत थे। फिल्म ने बढ़िया बिजनेस किया। इसके बाद साल 2016 में ‘फोर्स 2’ रिलीज हुई। यह अभिनय देव के डायरेक्शन में बनी थी। इसमें जॉन के साथ सोनाक्षी सिन्हा थीं और ताहिर राज भसीन नेगेटिव रोल में थे। यह फिल्म भी दर्शकों को पसंद आई। जॉन ने ‘फोर्स’ फ्रेंचाइजी के राइट्स खरीद लिए हैं। पहले यह फिल्में प्रोड्यूसर विपुल शाह के बैनर तले बनी थीं। जॉन की साल 2025 में दो फिल्में ‘द डिप्लोमैट’ और ‘तेहरान’ आ चुकी हैं। हालांकि दोनों को ही खास रिस्पोंस नहीं मिला।
दीपिका कक्कड़ ने इस साल मई में किया था स्टेज 2 लिवर कैंसर का खुलासाएक्टर शोएब इब्राहिम की पत्नी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ इन दिनों गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं। हाल ही में उन्होंने अपने यूट्यूब व्लॉग में बताया कि उनकी तबीयत एक बार फिर खराब हो गई है। लिवर कैंसर की सर्जरी के बाद अब दीपिका वायरल इंफेक्शन का शिकार हो चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने खुलासा किया कि उनकी इम्युनिटी काफी कमजोर हो गई है और डॉक्टर लगातार उन्हें हेवी डोज दे रहे हैं। दीपिका ने कहा, “मेरी हालत अभी काफी खराब है। मुझे भी बेटे रूहान की तरह वायरल इंफेक्शन हो गया है, जो अब गंभीर बन चुका है।
पहले से ही मेरा ट्रीटमेंट चल रहा था, जिसकी वजह से इम्युनिटी बहुत कम हो गई है। फिलहाल डॉक्टर मुझे एंटीबायोटिक्स और एंटी-एलर्जी मेडिसिन की हेवी डोज दे रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि जल्द ही ठीक हो जाऊंगी। अभी कमजोरी बहुत ज्यादा महसूस हो रही है। कुछ दिन पहले दीपिका ने व्लॉग में बताया था कि पिछले एक महीने से लगातार दवाइयां लेने की वजह से उनके शरीर में कई समस्याएं हो रही हैं।
दीपिका ने मई में खुलासा किया था कि उन्हें स्टेज 2 लिवर कैंसर है। यह सुनते ही फैंस के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तब से ही दीपिका के जल्द से जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो दीपिका इस साल सोनी टीवी के कुकिंग रियलिटी शो ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ’ में नजर आई थीं। कंधे की चोट की वजह से उन्हें शो बीच में ही छोड़ना पड़ा था।