मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। 80 के दशक की मशहूर अभिनेत्री और पूर्व सांसद जया प्रदा के बड़े भाई राजा बाबू का निधन हो गया है। उन्होंने हैदराबाद के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। जया प्रदा (62) ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस बात की जानकारी दी। राजा बाबू एक एक्टर और प्रोड्यूसर थे। उनका अंतिम संस्कार आज शुक्रवार (28 फरवरी) को हैदराबाद में किया जाएगा। जया प्रदा ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम पर राजा बाबू की एक फोटो शेयर करने के साथ नोट लिखा।
इसमें उन्होंने भाई की मौत पर शोक जताया। जया प्रदा ने लिखा, “बड़े दुख के साथ मैं आपको अपने बड़े भाई श्री राजा बाबू के निधन के बारे में सूचित कर रही हूं, जिनका आज (27 फरवरी) दोपहर 3:26 बजे (हैदराबाद) निधन हो गया है। कृपया उन्हें अपनी प्रार्थनाओं में रखें और आगे की जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी।” उल्लेखनीय है कि जया प्रदा की भाई के साथ काफी मजबूत बोंडिंग थी। दोनों के बीच इतना प्यार था कि राजा बाबू अपनी बहन के संसदीय क्षेत्र रामपुर में दौरे पर जाते थे और लोगों की समस्याएं सुनते थे।
जया प्रदा भाई के निधन से गहरे सदमे में हैं। फैंस और करीबी लोग सोशल मीडिया पर जया प्रदा और उनके परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारों ने भी राजा बाबू के निधन पर शोक जताया है और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। राजा बाबू ने फिल्मों में भी करिअर आजमाया, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। उन्होंने ऋषि कपूर और जया प्रदा को लेकर फिल्म ‘सावन का महीना’ बनाई, लेकिन वह डिब्बाबंद हो गई। उन्होंने ‘शारदा’, ‘प्रेम तपस्या’और ‘सन्नयी अप्पन्ना’ जैसी फिल्मों में एक्टिंग भी की।
उड़िया अभिनेता उत्तम मोहंती ने 150 से ज्यादा फिल्मों में किया कामदिग्गज उड़िया अभिनेता उत्तम मोहंती का गुरुवार (27 फरवरी) की शाम गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 66 साल के थे। मोहंती के भतीजे ने निधन की पुष्टि की। मोहंती हाल ही में एक फिल्म की शूटिंग के लिए गए थे। तभी उनकी तबीयत खराब हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद वे घर लौट आए, लेकिन कुछ दिन पहले फिर से उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें भुवनेश्वर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वे लंबे समय से लीवर सिरोसिस से पीड़ित थे। फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों के साथ मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी मोहंती को श्रद्धांजलि दी है। मोहंती को उनके काम और फिल्म इंडस्ट्री में बेहतरीन योगदान के लिए साल 1999 में सबसे प्रतिष्ठित जयदेव पुरस्कार के अलावा ओडिशा लिविंग लीजेंड अवार्ड 2012 और कई बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के रूप में ओडिशा राज्य फिल्म पुरस्कार मिल चुका है।
साल 1977 में 'अभिमान' फिल्म से करिअर शुरू करने वाले मोहंती ने 'निझुम रतिरा साथी' (1979), 'फूल चंदना' (1982), 'झियाती सीता परी' (1983) और 'डंडा बालुंगा' (1984) सहित 150 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उन्होंने 'सारा आकाश' सहित कुछ टीवी धारावाहिकों में भी एक्टिंग की है। मोहंती ने 30 बंगाली फिल्मों और एक हिंदी फिल्म 'नया जहर' में एक्टिंग का जलवा दिखाया। मोहंती की पत्नी अपराजिता और बेटा बाबूशान भी उड़िया फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध स्टार्स हैं।