बॉलीवुड के मशहूर गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर (80) कई सालों से फिल्म इंडस्ट्री में अपना योगदान दे रहे हैं। उनके लिखे गानों और फिल्मों की कहानियों ने खूब धूम मचाई है। लोग अख्तर के हुनर पर फिदा हैं। इसके अलावा अख्तर अपने बेबाक अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। वे किसी भी मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखते हैं फिर वो बात चाहे किसी को अच्छी लगे या नहीं। ऐसे में अख्तर को कई दफा सोशल मीडिया पर जमकर ट्रॉल भी किया जाता है। यहां तक कि यूजर्स उनकी देशभक्ति को लेकर भी सवाल उठाते हैं। फिर भी उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं है। इस बीच अख्तर ने अपनी जिंदगी के शुरुआती संघर्षों को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर की है, जो वायरल हो रही है।
दरअसल अख्तर को मुंबई में 61 साल हो गए हैं। इस मौके पर एक्स (ट्विटर) पर साझा की गई पोस्ट में अख्तर ने लिखा, “4 अक्टूबर 1964 को एक 19 साल का लड़का अपनी जेब में 27 नए पैसे लेकर बॉम्बे सेंट्रल स्टेशन पर उतरा था। बेघर, भुखमरी और बेरोजगारी से गुजरा, लेकिन जब मैं कुल मिलाकर देखता हूं तो मुझे लगता है कि जिंदगी मुझ पर बहुत मेहरबान रही है। इसके लिए मैं मुंबई, महाराष्ट्र, अपने देश और उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किए बिना नहीं रह सकता जिन्होंने काम को इतनी उदारता से देखा। शुक्रिया, बहुत-बहुत शुक्रिया।”
इसके साथ ही पोस्ट में उन्होंने खुद को एथीस्ट और कट्टर आशावादी भी बताया। बता दें अख्तर ने सलमान खान के पिता सलीम खान के साथ मिलकर कई कल्ट क्लासिक फिल्मों की स्क्रिप्ट और डायलॉग्स लिखे, जिनमें ‘दीवार’, ‘जंजीर’, ‘शोले’, ‘त्रिशूल’, ‘काला पत्थर’ जैसी सुपरहिट फिल्मों के नाम शामिल हैं। कह सकते हैं कि अमिताभ बच्चन को सुपरस्टार बनाने में उनका अहम योगदान रहा। अख्तर और हनी ईरानी के बेटे फरहान और जोया भी बॉलीवुड में एक खास मुकाम हासिल कर चुके हैं। अख्तर ने एक्ट्रेस शबाना आजमी के साथ दूसरी शादी की थी।
सोनम खान की पहली फिल्म ‘विजय’ के डायरेक्टर थे दिवंगत यश चोपड़ाएक्ट्रेस सोनम खान ने 80-90 के दशक में कई फिल्मों में काम किया। उनकी बोल्ड और ग्लैमरस इमेज थी। इस बीच सोनम ने अपनी पहली फिल्म 'विजय' की यादें लोगों के साथ साझा की हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह बिकनी पहने समंदर किनारे घूमती दिख रही हैं। उन्होंने बताया है कि पहली ही फिल्म में वह बिकनी शूट करने को लेकर कैसे तैयार हो गई और इस दौरान कैसे वह सहज और शांत रहीं। सोनम ने इसका श्रेय फिल्म के डायरेक्टर यश चोपड़ा को दिया है।
सोनम ने शनिवार (4 अक्टूबर) को वीडियो साझा करते हुए लिखा, “बिना किसी झिझक के बस ऐसे ही मैंने बिकिनी और चॉकलेट के साथ अपना करिअर शुरू किया था। लाइट्स, कैमरा, साउंड और एक्शन। सिल्वर स्क्रीन पर कैमरे के सामने यह मेरा पहला दिन था। यश जी फिल्म ‘10’ में बो डेरेक के प्रसिद्ध बीच रन से प्रेरित थे और इसलिए उन्होंने 'विजय' में मेरा इंट्रोडक्शन सीन चुना। शूटिंग के दौरान मैं आश्चर्यजनक रूप से सहज थी और दिनभर चॉकलेट बार खाती रही। इस तरह चॉकलेट के साथ मेरा प्यार शुरू हुआ। तब से मैं हर शूटिंग के दौरान कुछ चॉकलेट खाती रही, क्योंकि मुझे लगता था कि ये मेरे लिए लकी है।
जैसे ही यश चोपड़ा 'कट' कहते थे, मेरी असिस्टेंट मेरे लिए गाउन लेकर चली आती थी। यश चोपड़ा और ऋषि कपूर की बदौलत मुझे बेहद सहज महसूस हुआ। विडंबना यह है कि दो साल बाद यश जी ने मुझे 'आइना' में काम करने के लिए कहा, जो दुर्भाग्य से मैं नहीं कर पाई क्योंकि मेरी शादी 18 साल की उम्र में हो रही थी और मैंने नए प्रोजेक्ट साइन करना बंद कर दिया था। बहरहाल, मेरी प्यारी दोस्त अमृता सिंह ने 'आइना' में शानदार काम किया।” बता दें सोनम को ‘त्रिदेव’, ‘विश्वात्मा’, ‘मिट्टी और सोना', 'क्रोध', 'अजूबा', 'फतेह' जैसी फिल्मों में भी काम करने का मौका मिला।