दिग्गज कॉमेडियन जसविंदर भल्ला ने दुनिया को कहा अलविदा, गिप्पी ग्रेवाल सहित इन सितारों ने दी श्रद्धांजलि

मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। पंजाबी फिल्मों के मशहूर कॉमेडियन जसविंदर भल्ला का निधन हो गया है। वे फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती थे। उन्होंने आज शुक्रवार (22 अगस्त) की सुबह दुनिया को अलविदा कह दिया। वे 65 साल के थे। जसविंदर के निधन से पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार मोहाली के बलौंगी स्थित श्मशान घाट में होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके चाहने वाले फैंस और साथी कलाकार सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त कर उन्हें याद कर रहे हैं। जसविंदर एक वेटरन अभिनेता और कॉमेडियन थे।

अपने तीन दशकों से ज्यादा के करिअर में उन्होंने पंजाबी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई। उनका जन्म 4 मई 1960 को दोराहा, लुधियाना, पंजाब में हुआ था। उनकी हास्य प्रतिभा ने उन्हें मनोरंजन जगत का सितारा बना दिया। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे फिल्मों में आएंगे। वे तो प्रोफेसर थे, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। जसविंदर ने एक्टिंग करिअर की शुरुआत साल 1988 में कॉमेडी शो ‘छंकार्टा 88’ से की थी। इसके बाद उनका फिल्मी सफर ‘दुल्ला भट्टी’ मूवी से शुरू हुआ।

वे कॉमेडी सीरीज ‘छंकार्टा’ और फिल्मों में मजेदार किरदारों के लिए दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुए। जसविंदर ने कई स्टेज शो भी किए। उनका शो ‘नॉची बाबा इन टाउन’ कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में भी खूब पसंद किया गया। इसके साथ ही वे ‘माहौल ठीक है’, ‘जीजा जी’, ‘जिन्हे मेरा दिल लुटेया’, ‘पावर कट’, ‘कबड्डी वन्स अगेन’, ‘अपन फिर मिलांगे’, ‘मेल करा दे रब्बा’, ‘कैरी ऑन जट्टा’, ‘जट्ट एंड जूलियट’ और ‘जट्ट एयरवेज’ जैसी लोकप्रिय फिल्मों का हिस्सा रहे।

जसविंदर की शादी परमजीत कौर भल्ला से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं, एक बेटा युवराज और एक बेटी जैस्मीन भल्ला। पुखराज भी एक अभिनेता हैं। शुरुआत में एक इंजीनियर पुखराज ने अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए साल 2000 के दशक में म्यूजिक वीडियो में काम किया। उसके बाद कुछ फिल्मों में भी काम किया। बाप और बेटे की जोड़ी 2013 की फिल्म ‘स्टुपिड 7’ में साथ नजर आई थी।
गिप्पी ने लिखा, वे पूरी इंडस्ट्री में हमारे लिए पिता, गुरु और प्रतिभाशाली अभिनेता की तरहथे…

एक्टर गिप्पी ग्रेवाल ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “यकीन करना बहुत मुश्किल है। मैं सदमे में हूं। वे पूरी इंडस्ट्री में हमारे लिए एक पिता, गुरु और एक प्रतिभाशाली अभिनेता की तरह थे, यादें बनाते थे और परिवार की तरह पलों का आनंद लेते थे। हमारा रिश्ता बहुत मजबूत था। यह सबसे बुरी खबर है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। परिवार को मेरी सारी शक्ति। उनकी विरासत उनके काम के माध्यम से जीवित रहेगी और हमारे जीवन पर उनका प्रभाव कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। मैं उन यादों को संजोकर रखूंगा जो हमने साझा कीं और जो सीख उन्होंने मुझे दी। आप हमेशा मेरे दिल में रहेंगे।”

अमित बावा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जसविंदर को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “दुनिया को हंसाने वाला आज हमें रुलाकर चला गया। जसविंदर भल्ला भारत के बेहतरीन कलाकारों में से एक थे। पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री को दुनिया में पहचान दिलाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। उनका निधन अपूरणीय क्षति है। वाहे गुरु परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत दे।” पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शोक जताया है। इनके अलावा पंजाबी स्टार सोनम बाजवा, जैस्मीन भसीन समेत कई कलाकारों ने शोक व्यक्त किया है। जसविंदर के दोस्त और कॉमेडियन पम्मी ने बताया कि वे बीमारी के चलते फिल्मों में काम नहीं कर पा रहे थे। उन्हे डायबिटीज और दिल की बीमारी थी।