सोशल मीडिया सेंसेशन व एक्ट्रेस जन्नत जुबैर और मिस्टर फैजू के नाम से लोकप्रिय एक्टर फैसल शेख के रिलेशनशिप को लेकर पिछले काफी समय से खबरें चल रही हैं। उनकी नजदीकियों को देखते हुए फैंस शादी तक की अटकलें लगा रहे हैं। हालांकि इस बीच कुछ ऐसी चीज हुई है जो इस जोड़ी के हमेशा के लिए एक होने के सपना देखने वालों का दिल तोड़ सकती है। दरअसल जन्नत ने अपने रूमर्ड बॉयफ्रेंड फैसल को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है। सिर्फ 68 लोगों को फॉलो कर रहीं जन्नत अब फैसल को फॉलो नहीं कर रही हैं।
इसके जवाब में फैसल ने भी जन्नत को अनफॉलो कर दिया। अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि दोनों ने एक-दूसरे को अनफॉलो क्यों किया। फैंस को यही लग रहा है कि उनका ब्रेकअप हो चुका है। कुछ लोग इसे महज एक पब्लिसिटी स्टंट भी बता रहे हैं। उनका मानना है कि शायद किसी ब्रांड या प्रमोशन के चलते इन दोनों ने ऐसा किया है। जन्नत के इंस्टाग्राम पर 49.6 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। इन सबके बीच जन्नत ने अपनी कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिसके साथ उन्होंने क्रिप्टिक कैप्शन लिखा। इस पोस्ट ने ब्रेकअप की अटकलों को और हवा दी है।
जन्नत ने लिखा, “जो है उसे स्वीकार करो, जो था उसे जाने दो, जो होगा उसपर विश्वास करो।” इन दिनों देखने में आया है कि जब भी कोई रिश्ता बिगड़ता है या टूटता है तो इसके संकेत सोशल मीडिया अकाउंट से दिखने लगते हैं। कुछ समय पहले क्रिकेटर हार्दिक पांड्या व नताशा स्टैनकोविक और क्रिकेटर युजवेंद्र चहल व धनश्री वर्मा के मामले में कुछ ऐसा ही देखने को मिला था। पति-पत्नी की ये दोनों चर्चित जोड़ियां टूट चुकी हैं।
फराह खान ने कुकिंग शो में की थी फैसल से शादी की बातपिछले दिनों सोनी टीवी पर टेलीकास्ट होने वाले सेलिब्रिटी कुकिंग शो ‘मास्टरशेफ इंडिया’ के एक एपिसोड में होस्ट मशहूर कोरियोग्राफर व फिल्ममेकर फराह खान ने मजाक में कहा था कि वह फैसल की शादी जन्नत से करवाकर ही रहेंगी। जब फैसल अपने खाना बनाने के हुनर का प्रदर्शन कर रहे थे, तब फराह ने चुटकी लेते हुए कहा कि अब तो उनकी मां उनसे रेसिपी मांगती होंगी। इस पर फैसल ने मजाक में जवाब दिया कि इस शो के बाद तो पक्की मेरी शादी हो जाएगी।
इसके बाद फराह ने मुस्कुराते हुए कहा कि मैं तो करके ही रहूंगी तेरी शादी। जन्नत की सैर तो करूंगी मैं। इस कमेंट पर फैसल शरमा गए। इससे लगा कि वे भी जन्नत के साथ शादी करने के लिए बेकरार हैं। हालांकि कुछ समय पहले फैसल ने एक इंटरव्यू में कहा था कि हम सालों से दोस्त हैं और बहुत अच्छे दोस्त बने रहेंगे। लोगों को ऐसा बहुत लगता है, पर ऐसा कुछ भी नहीं है। जरूरी नहीं कि जो ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री है, वो ऑफस्क्रीन भी हो। ऑफस्क्रीन हम बहुत अच्छे दोस्त हैं। मैं सिंगल हूं।