साउथ सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायकन' 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से लगातार बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। राजनीतिक पृष्ठभूमि पर आधारित इस एक्शन ड्रामा ने रिलीज के पहले दिन से ही दर्शकों का जबरदस्त समर्थन हासिल किया और लगातार मजबूत कमाई दर्ज की। विजय की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और प्रभावशाली अभिनय ने एक बार फिर फैंस का दिल जीत लिया है। यही वजह है कि फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। हालांकि अब सिनेमाघरों में 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' की एंट्री के बाद मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। इसके बावजूद 'जन नायकन' ने रविवार को ऐसी रफ्तार पकड़ी कि उसने अपने ही पिछले कई दिनों के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया।
रविवार को दर्ज की सबसे बड़ी छलांग'जन नायकन' विजय के करियर की सबसे चर्चित फिल्मों में गिनी जा रही है। यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि इसे विजय की आखिरी फिल्म माना जा रहा है, जिसके चलते उनके प्रशंसकों में उत्साह के साथ भावुकता भी देखने को मिल रही है। इसी बीच फिल्म के 11वें दिन के शुरुआती आंकड़े सामने आ गए हैं, जिन्होंने मेकर्स के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। ट्रेड वेबसाइट Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रविवार यानी रिलीज के 11वें दिन 10.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। यह पिछले सात दिनों में किसी भी दिन की सबसे अधिक कमाई है। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बढ़कर 175.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
अब तक का बॉक्स ऑफिस कलेक्शनपहला सप्ताह : 153.55 करोड़ रुपये
9वां दिन : 3.55 करोड़ रुपये
10वां दिन : 7.80 करोड़ रुपये
11वां दिन : 10.70 करोड़ रुपये
कुल नेट कलेक्शन : 175.60 करोड़ रुपये
किस भाषा में सबसे ज्यादा मिला दर्शकों का साथ?'जन नायकन' को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में रिलीज किया गया है। तीनों भाषाओं में फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, लेकिन सबसे ज्यादा कमाई तमिल संस्करण से हुई है। खबर लिखे जाने तक फिल्म ने तमिल भाषा में 151.45 करोड़ रुपये, हिंदी में 15.25 करोड़ रुपये और तेलुगु संस्करण से 8.90 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया है। इन आंकड़ों से साफ है कि घरेलू बाजार में विजय की लोकप्रियता का सबसे बड़ा असर तमिलनाडु और तमिल दर्शकों के बीच देखने को मिला है, जबकि हिंदी और तेलुगु बेल्ट से भी फिल्म को संतोषजनक समर्थन मिला है।
स्टारकास्ट, बजट और कलाकारों की फीस'जन नायकन' में विजय के साथ बॉबी देओल, पूजा हेगड़े, ममिता बैजू, सत्यन सूर्यन, प्रदीप ई, राघव और अनिरुद्ध रविचंदर जैसे कई चर्चित कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म में बॉबी देओल ने खलनायक के किरदार से एक बार फिर दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है और उनके अभिनय की काफी सराहना हो रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म का निर्माण लगभग 400 करोड़ रुपये के बड़े बजट में किया गया है। वहीं विजय ने इस प्रोजेक्ट के लिए 220 करोड़ से 275 करोड़ रुपये के बीच फीस ली है। बॉबी देओल को कथित तौर पर 5 से 10 करोड़ रुपये, पूजा हेगड़े को करीब 3 करोड़ रुपये, प्रकाश राज को लगभग 5 करोड़ रुपये, प्रियामणि को 3 करोड़ रुपये और ममिता बैजू को 60 लाख रुपये से 2 करोड़ रुपये के बीच पारिश्रमिक मिलने की खबर है। बड़े बजट, दमदार स्टारकास्ट और मजबूत बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के दम पर 'जन नायकन' इस समय साल की सबसे चर्चित फिल्मों में अपनी जगह बनाए हुए है।