2 News : पैपराजी पर गुस्सा हुए जैकी, दी सांस लेने की सलाह, इस मशहूर सिंगर ने दिया पहले बच्चे को जन्म

एक्टर जैकी श्रॉफ (67) चार दशक से भी ज्यादा समय से फैंस के दिलों में बसे हुए हैं। जैकी ने कई शानदार फिल्मों में दमदार अभिनय का प्रदर्शन किया है। उनके खाते में ढेरों हिट फिल्में हैं। जैकी एक्टिंग के साथ रियल लाइफ में भी एक अलग ही बिंदास अंदाज के लिए मशहूर हैं। वैसे पिछले कुछ समय से वे सोशल मीडिया हो या फिर पब्लिक प्लेस पर्यावरण को बचाने के लिए पौधे लगाने की सलाह देते दिखते हैं। अब जैकी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो उन्हें अच्छे रूप में नहीं दिखा रहा।

इसमें जैकी झल्लाए से दिखे। दरअसल जैकी किसी इवेंट से बाहर आ रहे हैं और उन्हें इसी दौरान पैपराजी घेर लेते हैं। इसी बात पर जैकी गुस्सा करने लग जाते हैं। यह वीडियो ANI ने शेयर किया है। इसमें जैकी पैपराजी से थोड़ी दूरी बनाने के लिए कहते नजर आ रहे हैं। साथ ही वो उन्हें सांस लेने की सलाह भी दे रहे हैं। जैकी कहते हैं, “सांस ले लंबा सांस ले। शांति! इतना चिल्ला रहा है, हार्ट के लफड़े हो जाएंगे…आराम से रे, मेरा बच्चा आराम से। सांस पर ध्यान रख बेटा, सांस पर ध्यान रख। बाकी कुछ काम का नहीं है।

आया, सांस था तो, गया सांस गया तो। फिर काहे को इतना टेंशन ले रहा है। क्यों मेरे मुंह में घुसा रहा है ये सब। थोड़ा दूर रख ना, आ रहा है आवाज। बाकी कुछ नहीं बोलने का है। आज योगा डे है अपने-अपने परिवार को अच्छी चीजें सिखाओ। अबे यार रिलैक्स कर छोटे। सांस ले, भेजे में खाली ऑक्सीजन डाल। जाने का है सबको, घाई मत कर जाने के लिए घाई मत कर।” उल्लेखनीय है कि इंटरनेशनल योगा डे पर जैकी ने इंस्टाग्राम पर एक इवेंट के वीडियो शेयर किए हैं, जिनमें वे योगा कर रहे हैं। जैकी ने कैप्शन लिखा, “लंबी सांस लेने का और योगा करने का भिड़ू।” बता दें टाइगर के पिता जैकी इन दिनों कम ही फिल्मों में नजर आते हैं।

असीस कौर ने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर कर दी फैंस को मां बनने की खुशखबरी

मशहूर गायिका असीस कौर ने शुक्रवार (21 जून) को वर्ल्ड म्यूजिक डे के मौके पर अपने पहले बच्चे का स्वागत किया। असीस ने अपने इंस्टाग्राम पर फैंस के साथ यह खुशखबरी शेयर की है। असीस ने अपने पति गोल्डी सोहेल संग एक तस्वीर शेयर की। इसमें असीस पति की गोद में लेटी हैं। वह एक स्ट्रैपी येलो-टोन्ड ड्रेस पहने दिख रही हैं। उन्हें अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए देखा जा सकता है। गोल्डी एक व्हाइट कलर की टी-शर्ट पहने हैं।

असीस के हाथों में बेबी शूज है। फोटो देखकर लग रहा है कि शायद ये उनके मैटरनिटी फोटोशूट की है। असीस ने नोट में अपनी भावनाएं जताते हुए लिखा, वाहेगुरु तेरा शुक्र है। बेहद खुशी और कृतज्ञता के साथ, हम विश्व संगीत दिवस पर अपने प्यारे बच्चे के जन्म की घोषणा करते हैं! इस खास दिन ने हमें हमारे जीवन की सिम्फनी में सबसे मधुर नोट दिया है। हमारे दिल प्यार, खुशी और कृतज्ञता से भर गए हैं।”

असीस कौर ने 17 जून 2023 को लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड गोल्डी के साथ गुरुद्वारा में आनंद कारज सेरेमनी में शादी की थी। शादी में केवल उनके परिवारवाले और करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। कपल ने बाद में अपने इस स्पेशल दिन की झलक फैंस को भी दिखाई जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई थीं।