2 News : सलमान-ऐश्वर्या के झगड़े को लेकर इस दिग्गज ने दी रिएक्शन, मां की याद में रणवीर ने शेयर की इमोशनल पोस्ट

दिग्गज म्यूजिक डायरेक्टर इस्माइल दरबार ने हाल ही में फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली के साथ अपने उतार-चढ़ाव भरे कामकाजी रिश्तों के बारे में खुलकर बात की। इस्माइल ने भंसाली के साथ सलमान खान और ऐश्वर्या राय स्टारर ‘हम दिल दे चुके सनम’ और शाहरुख खान, ऐश्वर्या व माधुरी दीक्षित की ‘देवदास’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। इसी दौरान इस्माइल ने सलमान खान और ऐश्वर्या राय बच्चन के झगड़े को भी याद किया। इस्माइल ने विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में कहा कि ऐश्वर्या बहुत अच्छी हैं और सलमान भी बहुत अच्छे इंसान हैं। दोनों को देखकर अच्छा लगता था।

वे जब लड़ते थे तो हमें बुरा लगता था। फिर धीरे-धीरे दोनों अलग हो गए। आज भी हमें बहुत बुरा लगता है। अब उन पुरानी बातों को दोहराने की जरूरत नहीं है। आज ऐश्वर्या किसी और की पत्नी बन चुकी हैं। सलमान खुद भी इसके बारे में कभी बात नहीं करते। वे काफी समझदार हैं और ऐश्वर्या कोई मामूली इंसान नहीं हैं, वह अमिताभ बच्चन की बहू हैं। बता दें हम दिल दे चुके सनम की शूटिंग के दौरान सलमान और ऐश्वर्या एक-दूसरे के करीब आ गए थे। सलमान में ऐश्वर्या को लेकर जबरदस्त दीवानगी थी। यहां तक कि रिपोर्टों के अनुसार सलमान ने विवेक ओबेरॉय को भी ऐश्वर्या से दूर रहने को कहा था।

गौरतलब है कि इससे पहले ऐड फिल्ममेकर प्रह्लाद कक्कड़ ने भी दावा किया था कि उन्होंने सलमान और ऐश्वर्या के झगड़े खुद देखे हैं। इसी इंटरव्यू में इस्माइल ने कहा कि जब मुझे काम की जरूरत थी, तो भंसाली ने मुझे 'हम दिल दे चुके सनम' दी और जब उन्हें मेरी जरूरत थी तो मैंने उनके लिए अपना सारा काम छोड़ दिया। आखिरकार इंडस्ट्री में वो मेरे गॉडफादर थे। मेरा दिल कहता है कि सलमान के साथ भंसाली के रिश्ते इसलिए बिगड़ गए क्योंकि उन्होंने 'देवदास' में शाहरुख को लिया था। सलमान ने 'खामोशी' के फ्लॉप होने पर भी भंसाली का साथ दिया। क्या ये जाहिर सी बात नहीं है? अगर मैं दो बार तुम्हारी मदद करूं और तीसरी बार तुम मेरे प्रतिद्वंदी को फिल्म में ले लो तो मैं परेशान नहीं होऊंगा?
22 साल पहले हो गया था अभिनेता रणवीर शौरी की मां का निधन

‘बिग बॉस ओटीटी 3’ फेम अभिनेता रणवीर शौरी (53) ने मां राजेश्वरी शौरी की 22वीं पुण्यतिथि के मौके पर इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर की है। रणवीर ने इस पोस्ट में अपनी मां की एक फोटो और दिल की भावनाएं साझा कीं। यह एक पुरानी और प्यारी तस्वीर है, जिसमें रणवीर की मां की मुस्कुराती हुई छवि नजर आती है। रणवीर ने कैप्शन में लिखा, “आज, 9 अक्टूबर को मेरी मां राजेश्वरी शौरी के निधन को 22 साल पूरे हो गए हैं। मैं उस मनहूस सुबह सोया हुआ था जब वह हमें छोड़कर चली गईं…तब से हर साल मैं इस रात रोता हूं। आपकी बहुत याद आती है मां। ओम शांति।”

रणवीर की यह पोस्ट देख उनके फैंस की आंखें नम हुई जा रही हैं। वे खुद को संभालते हुए रणवीर का भी हौसला बढ़ा रहे हैं। रणवीर ने इससे पहले 'BB OTT 3' में अपने जीवन के इस कठिन दौर के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि साल 2002 में मैं लद्दाख में 'लक्ष्य' मूवी की शूटिंग कर रहा था और मुझे घर से फोन आया कि मेरी मां की तबीयत ठीक नहीं है, लेकिन मैं सेट नहीं छोड़ सका, क्योंकि शूटिंग जारी थी। सौभाग्य से, जब मैं मुंबई लौटा, तब वह ठीक थीं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। कुछ दिनों बाद, घर पर उनका निधन हो गया। यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा ट्रॉमा है।

बता दें रणवीर ने करिअर की शुरुआत एक वीडियो जॉकी और टीवी होस्ट के रूप में की थी। बाद में उन्होंने 'एक छोटी सी लव स्टोरी' फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया। बाद में वे 'जिस्म' (2003), 'लक्ष्य' (2004), 'खोसला का घोसला' (2006), 'हनीमून ट्रेवल्स प्राइवेट लिमिटेड' (2007), 'सिंह इज किंग' (2008), 'एक था टाइगर' (2012), 'अंग्रेजी मीडियम' (2020) और 'सोनचिरैया' (2019) जैसी फिल्मों में नजर आए। वे वेब सीरीज में भी काम कर चुके हैं। रणवीर का एक्ट्रेस कोंकणा सेन शर्मा से तलाक हो चुका है। उनके एक बेटा है।