अजय देवगन के ऑनस्क्रीन बेटा-बेटी बने पैरेंट्स, इस स्टार के घर चौथी बार गूंजी किलकारियां

अभिनेता अजय देवगन की फिल्मों में उनके बच्चों का किरदार निभा चुके कलाकार वत्सल सेठ और इशिता दत्ता के घर में एक नन्हे मेहमान का आगमन हुआ है। वत्सल ने टार्जन द वंडर कार में अजय देवगन के बेटे और इशिता ने दृश्यम में बेटी का रोल किया था। एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता की बहन इशिता ने बुधवार को बेटे को जन्म दिया। जानकारी के अनुसार बच्चा और मां दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्हें शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। वत्सल ने बेटे के जन्म की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए फैंस को दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर बेटे की पहली फोटो शेयर करते हुए खुशी जाहिर की है। फोटो में वे बच्चे और इशिता के साथ नजर आ रहे हैं।

प्रेग्नेंसी के दौरान इशिता और वत्सल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहे। इशिता ने फैंस के साथ पूरी प्रेग्नेंसी जर्नी शेयर की। इशिता ने कई रील्स और वीडियो के साथ गोद भराई की तस्वीरों से रूबरू कराया। इशिता-वत्सल ने अप्रैल में इंस्टाग्राम पर अपने आने वाले बच्चे को लेकर आधिकारिक घोषणा की थी। उन्होंने कई फोटो के साथ एक मिनी नोट शेयर किया जिसमें लिखा था, “बेबी ऑन बोर्ड”। वत्सल और इशिता साल 2017 में शादी के बंधन में बंधे थे। दोनों की मुलाकात टीवी शो रिश्तों का सौदागर-बाजीगर के सेट पर हुई थी।

50 साल की उम्र में फिर पिता बने अर्जुन रामपाल

एक्टर अर्जुन रामपाल 50 की उम्र में चौथी बार पापा बन गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर यह खुशखबरी दी। अर्जुनबीते दिनों गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स की दूसरी प्रेग्नेंसी के चलते सुर्खियों में रहे। गैब्रिएला ने 20 जुलाई को बच्चे को जन्म दिया। अर्जुनने पोस्ट शेयर की, जिसमें एक तौलिये पर पू बना है। उस पर लिखा है, हैलो वर्ल्ड।

अर्जुन ने कैप्शन में लिखा, ‘मुझे और मेरे परिवार में आज एक खूबसूरत बेबी ब्वॉय का जन्म हुआ, मां और बेटा दोनों ठीक हैं। डॉक्टरों और नर्सों की टीम का थैंक्स। हमारी खुशी का ठिकाना नहीं है। आपके सभी प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद। #20.07.2023 #helloworld.’ आपको बता दें कि अर्जुन और गैब्रिएला ने अब तक शादी नहीं की है। अर्जुन को उनकी पहली पत्नी मेहर जेसिया से दो बेटियां माहिका और मायरा हैं। साल 2019 में उनका मेहर से आधिकारिक तौर पर तलाक हुआ था। अर्जुन आखिरी बार कंगना रनौत के साथ ‘धाकड़’ फिल्म में दिखे थे।