14 साल बाद रिलीज होगी दिवंगत इरफान की यह फिल्म, ‘RRR’ फिल्म को लेकर सामने आया यह बड़ा अपडेट

दिवंगत अभिनेता इरफान खान अभिनीत 'मर्डर एट तीसरी मंजिल 302' रिलीज होने को तैयार है। इसे जी5 पर 31 दिसंबर को स्ट्रीम किया जाएगा। जी5 ने फिल्म का ट्रेलर पोस्ट कर यह जानकारी दी है। यह मर्डर के इर्द-गिर्द घूमती एक सस्पेंस-थ्रिलर है। एक्टर रणवीर शौरी भी इसका हिस्सा हैं। नवनीत बाज सैनी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2007 में बनी थी, लेकिन कभी रिलीज नहीं हो पाई थी। जी5 पर इरफान की फिल्म के अलावा दो और फिल्में 31 दिसंबर को रिलीज होंगी।

एक है 'वाह जिंदगी' और दूसरी है 'टर्टल'। इन दोनों ही फिल्मों में संजय मिश्रा ने अहम भूमिका निभाई है। इन फिल्मों का निर्देशन दिनेश एस यादव ने किया है। उल्लेखनीय है कि इरफान की 2005 में आई फिल्म 'दुबई रिटर्न' को इस साल 8 जुलाई को यूट्यूब पर रिलीज किया गया था। 53 वर्षीय इरफान 29 अप्रैल 2020 को दुनिया से रुखसत हो गए थे। वे कैंसर से पीड़ित थे। इरफान की आखिरी फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' थी।


एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर 7 जनवरी को ही होगी रिलीज

कोरोनावायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण दिल्ली में अचानक सिनेमाघरों को बंद कर देने के ऐलान ने फिल्म इंडस्ट्री को फिर से सोचने पर मजबूर कर दिया है। ऐसे में 31 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली शाहिद कपूर की फिल्म जर्सी को टाल दिया गया है। कहा जा रहा था कि 'आरआरआर' भी पोस्टपोन न कर दी जाए, लेकिन ऐसा नहीं होगा। साउथ फिल्मों के मशहूर डायरेक्टर एसएस राजामौली की फिल्म 'आरआरआर' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर जानकारी दी है कि 'आरआरआर' आगे नहीं जाएगी।

तरण ने राजामौली के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, आरआरआर’ फिल्म की रिलीज डेट आगे नहीं बढ़ेगी। यह फिल्म 7 जनवरी 2022 को ही रिलीज होगी। फिल्म निर्माता ने खुद पुष्टि की है कि यह बिग बजट मूवी स्क्रीन पर तय तारीख पर हिट करेंगी। ओह! 'आरआरआर' में जूनियर एनटीआर और राम चरण के साथ आलिया भट्ट, अजय देवगन, समुथिरकानी, रे स्टीवेन्सन, ओलिविया मॉरिस और एलिसन डूडी हैं। पहले यह 13 अक्टूबर को रिलीज होने वाली थी।