2 News : इस दिन से शुरू हो रहा है ‘इंडियन आइडल 16’, ये होंगे जज, एक्सीडेंट के बाद इस मशहूर सिंगर की हालत गंभीर

सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ सालों से लोगों का मनोरंजन कर रहा है। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर आने वाला यह शो अपने खास अंदाज के लिए जाना जाता है। इसमें हिस्सा लेने वाले सभी कंटेस्टेंट मशहूर हो जाते हैं। इसके अलावा शो के होस्ट और जज भी लाइमलाइट में रहते हैं। फैंस के लिए खुशखबरी है कि इसका नया सीजन धमाल मचाने वाला है। इस बार शो यादों और संगीत की खास धुन अपने दिल को छू लेने वाली थीम ‘यादों की प्लेलिस्ट : जहां आवाजें आज वाली और गाने आप वाले’ के साथ लाया जा रहा है।

आज के टेलेंट को पुराने गानों के साथ मिलाने का वादा करते हुए, यह सीजन भारतीय संगीत के पुराने गानों का एक म्यूजिकल सेलिब्रेशन होने वाला है। इंडियन आइडल का 16वां सीजन 18 अक्टूबर से सोनी टीवी और सोनी LIV पर प्रसारित होगा। शो के जज के रूप में संगीत जगत के तीन दिग्गज आ रहे हैं। इसमें विशाल ददलानी, श्रेया घोषाल और बादशाह के नाम शामिल हैं, जो रंग जमाते नजर आएंगे। शो का एलान करते हुए सोनी टीवी के इंस्टाग्राम हैंडल से एक पोस्ट शेयर की गई है।

इसके कैप्शन में लिखा है, “देखिए इंडियन आइडल 18 अक्टूबर रात 8 बजे से शुरू होगा। यादों की प्लेलिस्ट, इंडियन आइडल का नया सीजन होने वाला है।” बता दें शो की शुरुआत साल 2004 में की गई थी। इस शो ने देश को कुछ बेहतरीन सिंगर दिए हैं। पिछले कुछ सालों में इस शो ने अभिजीत सावंत, नेहा कक्कड़ और सलमान अली जैसे कलाकारों के करिअर को नई दिशा दी है। बता दें 'इंडियन आइडल 15' में जज की कुर्सी पर बैठे विशाल, श्रेया और बादशाह ने सबका दिल जीत लिया था।

हालांकि इस साल अप्रैल में विशाल ने ऐलान किया था कि वो अब 'इंडियन आइडल' का हिस्सा नहीं होंगे। पिछले 6 सीजन से जज की कुर्सी संभालते आ रहे विशाल ने जब ये घोषणा की तो उनके तमाम प्रशंसक निराश हो गए थे। अब उनकी वापसी से हर कोई खुश है। नेहा कक्कड़ पूर्व में कई सीजन में जज की भूमिका निभा चुकी हैं।
मोटरसाइकिल पर बद्दी से शिमला जा रहे थे थे पंजाबी सिंगर राजवीर जवांदा

मशहूर पंजाबी सिंगर राजवीर जवांदा (35) का आज शनिवार (27 सितंबर) को बद्दी से शिमला जाते हुए भयंकर एक्सीडेंट हो गया। राजवीर की मोटरसाइकिल चकनाचूर हो गई। अभी यह पता नहीं चला कि हादसा कैसे हुआ। मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में राजवीर का इलाज जारी है। अस्पताल की ओर से शेयर की गई जानकारी के अनुसार राजवीर को दोपहर 1:45 बजे बेहद गंभीर हालत में इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था।

सुबह-सुबह एक सड़क दुर्घटना में उनके सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थी। फोर्टिस अस्पताल में एडमिट होने से पहले सिविल अस्पताल में उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा था। अस्पताल आने के बाद इमरजेंसी और न्यूरोसर्जरी टीमों ने तुरंत उनकी जांच की और जरूरी टेस्ट किए। राजवीर वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। वे डॉक्टर्स की कड़ी निगरानी में हैं। गायक कंवर ग्रेवाल, कुलविंदर बिल्ला, अभिनेता कर्मजीत अनमोल, गायक आर नेट, सुरजीत खान, जीत जगजीत और मलकीत रॉनी समेत कई हस्तियां जवंदा के परिवार से मिलने अस्पताल पहुंचे।

गायक जीत जगजीत ने बताया एक गाय अचानक सामने आने से हादसा हुआ। हालांकि हिमाचल प्रदेश के बद्दी जिले के एएसपी अशोक ने इस बात से इनकार किया है कि उनके क्षेत्र में ऐसा कोई हादसा हुआ है। उल्लेखनीय है कि राजवीर ने कई शानदार गाने गाए हैं और फिल्मों में भी काम किया है। उनके चोटिल होने की खबर आने के बाद से ही उनके फैंस और फैमिली परेशान हैं और उनके जल्द से जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।