इलियाना डिक्रूज ने दिखाई बेटे की पहली झलक, दीपिका ने बेटे संग किया बर्थडे सेलिब्रेट

एक्ट्रेस इलियाना डिक्रूज ने 1 अगस्त को बेटे को जन्म दिया था। अब इलियाना ने अपने इंस्टाग्राम पर बच्चे की फोटो शेयर की है, जिसमें वो बेहद क्यूट और प्यारा लग रहा है। बच्चा सो रहा है। 36 वर्षीय इलियाना ने कैप्शन में लिखा, 'शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता कि हम अपने प्यारे बेटे का दुनिया में स्वागत करते हुए कितने खुश हैं। दिल पूरी तरह से भरा हुआ हैं। इलियाना ने अपने बेटे का नाम का खुलासा भी किया। बच्चे का नाम कोआ फीनिक्स डोलन रखा है। फैंस और सेलेब्रिटी इलियाना को शुभकामनाएं दे रहे हैं।

इलियाना ने पिछले महीने अपने डेट नाइट की फोटो शेयर की थी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर मिस्ट्री मैन के बारे में बताया था। मिस्ट्री मैन के साथ तस्वीरों का एक कोलाज शेयर कर कैप्शन दिया था, डेट नाइट। इससे पहले खबर आई थी कि इलियाना एक्ट्रेस कैटरीना कैफ के भाई सेबेस्टियन लॉरेंट मिशेल को डेट कर रही हैं। डेटिंग की अफवाहें तब शुरू हुईं जब इलियाना को पिछले साल मालदीव में कैटरीना, विक्की कौशल, सेबेस्टियन और अन्य लोगों के साथ छुट्टियां मनाते देखा गया। इलियाना ने 18 अप्रैल को एक फोटो पोस्ट की थी।

इसमें एक पेंडेंट था जिस पर 'मां' शब्द लिखा हुआ था, जिससे संकेत मिल गए थे कि वे जल्द ही गुड न्यूज देंगी। बता दें कि इलियाना ने अभी शादी नहीं की है। इलियाना आखिरी बार अभिषेक बच्चन के साथ फिल्म 'द बिग बुल' और फिल्म 'पागलपंती' में नजर आई थीं। इलियाना 'बर्फी!', 'फटा पोस्टर निकला हीरो', 'रुस्तम' और 'हैप्पी एंडिंग' जैसी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। उनकी अगली फिल्म रणदीप हुडा के साथ 'अनफेयर एंड लवली' है।

दीपिका कक्कड़ के पति शोएब इब्राहिम ने शेयर की फोटो

'ससुराल सिमर का' से सबके दिलों को जीत चुकीं एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ कुछ दिन पहले ही एक बेटे की मां बनी हैं। वे आज रविवार (6 अगस्त) को जन्मदिन मना रही हैं। शनिवार रात उनके लिए एक ग्रैंड मिड-नाइट बर्थडे सेलिब्रेशन रखा गया, जिसकी तस्वीर सामने आई है। शोएब इब्राहिम ने पत्नी दीपिका को बर्थडे विश किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मिड-नाइट सेलिब्रेशन की एक फोटो शेयर की है। इसमें दीपिका बेटे के साथ पोज दे रही हैं।

घर को लाइट्स और बैलूंस से सजाया गया। दीपिका बेबी पिंक कलर के सूट और क्राउन में सुंदर लग रही हैं। मां और बेटे की थीम पर बने केक की साइड में दीपिका ने रुहान के साथ पोज दिया। शोएब ने कैप्शन में ढेर सारी हार्ट इमोजी बनाई है। दीपिका और शोएब ने साल 2018 में निकाह किया था। फिलहाल दीपिका टीवी से दूर हैं।