2 News : इब्राहिम-खुशी की मूवी ‘नादानियां’ इस दिन होगी रिलीज, रणवीर-सोनाक्षी की ‘लुटेरा’ री-रिलीज होने को तैयार

एक्टर सैफ अली खान और एक्ट्रेस अमृता सिंह के बेटे इब्राहिम अली खान की पहली फिल्म ‘नादानियां’ को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज है। वे सेलेब किड की एक्टिंग देखने के लिए बेकरार हैं। फिल्म सिनेमाघरों के बजाय ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। आज गुरुवार (20 फरवरी) को नेटफ्लिक्स ने ऐलान किया कि फिल्म 7 मार्च से स्ट्रीम होगी। नेटफ्लिक्स ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा की। उसने लिखा, “कुछ-कुछ होता है ऐसी नादानियां देख कर। फिल्म ‘नादानियां’ देखें 7 मार्च को केवल नेटफ्लिक्स पर।”

फिल्म में इब्राहिम के अपोजिट दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी और फिल्ममेकर बोनी कपूर की छोटी बेटी खुशी कपूर हैं। इसके अलावा फिल्म में अभिनेत्री महिमा चौधरी, दीया मिर्जा, अभिनेता सुनील शेट्टी और जुगल हंसराज भी नजर आएंगे। फिल्ममेकर करण जौहर की निर्माण कंपनी धर्मा प्रोडक्शन की डिजिटल इकाई धर्माटिक एंटरटेनमेंट ने इसका निर्माण किया है। शौना गौतम इसके डायरेक्टर हैं। फिल्म में इब्राहिम ने नोएडा के मध्यमवर्गीय परिवार के एक मेहनती लड़के का किरदार निभाया है, वहीं खुशी इसमें दिल्ली की हिम्मती लड़की पिया की भूमिका में होंगी।

उल्लेखनीय है कि इब्राहिम के डेब्यू को लेकर पिछले काफी समय से अटकलें लगाई जा रही थीं। इब्राहिम की सूरत और पर्सनलिटी काफी हद तक सैफ से मिलती-जुलती है। देखना है कि वे अपने पिता की तरह फिल्म इंडस्ट्री में लंबी पारी खेलेंगे या फिर कई सेलेब किड्स की जैसे दूसरे क्षेत्र में भाग्य आजमाएंगे। इब्राहिम की पर्सनल लाइफ देखें तो उनका नाम कई दिनों से श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी के साथ जोड़ा जा रहा है। दोनों को कई दफा एक साथ स्पॉट किया गया है।

हालांकि दोनों ने अभी तक रिलेशनशिप को लेकर कोई बयान नहीं दिया है। दूसरी ओर, यह खुशी की तीसरी फिल्म है। खुशी की पिछली फिल्म ‘लवयापा’ 7 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसमें वह आमिर खान के बेटे जुनैद के साथ नजर आईं। फिल्म फ्लॉप हो गई। इससे पहले खुशी ने साल 2023 के अंत में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई ‘द आर्चीज’ मूवी के साथ एक्टिंग की दुनिया में एंट्री की थी।
साल 2013 में रिलीज हुई मूवी ‘लुटेरा’ हो गई थी फ्लॉप

बॉलीवुड में इन दिनों पुरानी फिल्मों को फिर से सिनेमाघरों में रिलीज करने का ट्रेंड चल रहा है। अब री-रिलीज होने वाली लिस्ट में रणवीर सिंह और सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म 'लुटेरा' का नाम भी जुड़ने जा रहा है। यह फिल्म साल 2013 में रिलीज हुई थी। तब यह बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाई थी। इस फिल्म को फ्लॉप का टैग मिला था। हालांकि जिन्होंने ये फिल्म बाद में देखी उन्हें ये फिल्म अच्छी लगी थी।

अब यह फिल्म दोबारा रिलीज होगी जिसकी जानकारी पीवीआर सिनेमाज ने अपने इंस्टाग्राम पर दी है। पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, “वक्त आ गया है। बड़े पर्दे पर फिर अनुभव करें लुटेरा का जादू, 7 मार्च से।” फिल्म की IMDB रेटिंग की बात करें तो यह 7.4 है। फिल्म को विक्रमादित्य मोटवानी ने डायरेक्ट किया था। फिल्म ओ हेनरी की कहानी ‘द लास्ट लीफ’ पर आधारित है।

फिल्म का बैकग्राउंड 50 के दशक का था। इसकी शूटिंग कोलकाता से 350 किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल के एक छोटे से कस्बे में हुई थी। इस फिल्म के एक गाने में सोनाक्षी ने 13 साड़ियां पहनी हैं। पहले सोनाक्षी वाला रोल विद्या बालन और रणवीर वाला जॉन अब्राहम को ऑफर किया गया था।