'मैं क्षमा प्रार्थी हूं…' पवन सिंह ने अंजलि राघव से मांगी माफी, एक्ट्रेस ने कहा- अब मामला खत्म

भोजपुरी सिनेमा के स्टार पवन सिंह इन दिनों निजी जिंदगी और पेशेवर विवादों की वजह से लगातार सुर्खियों में हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें पवन सिंह लखनऊ के एक इवेंट में स्टेज पर मौजूद एक्ट्रेस अंजलि राघव की कमर पर हाथ रखते नजर आए। उस दौरान अंजलि स्पष्ट रूप से अनकंफर्टेबल दिखीं। वीडियो सामने आते ही पवन सिंह को सोशल मीडिया यूज़र्स ने जमकर ट्रोल किया और उनके व्यवहार की आलोचना की।

लगातार बढ़ते विवाद के बीच अब पवन सिंह ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने लिखा– अंजलि जी, व्यस्त शेड्यूल के कारण मैं आपका लाइव नहीं देख पाया। जब मुझे इस घटना के बारे में पता चला, तो मुझे बुरा लगा। मेरा आपके प्रति कोई गलत इरादा नहीं था क्योंकि हम सब कलाकार हैं। इसके बावजूद अगर मेरे किसी व्यवहार से आपको तकलीफ हुई हो तो उसके लिए मैं क्षमा प्रार्थी हूं।
पवन सिंह की इस सफाई और माफी पर अंजलि राघव ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पोस्ट को री-शेयर करते हुए लिखा– पवन सिंह जी ने गलती स्वीकार कर माफी मांग ली है। वो मुझसे बड़े और सीनियर आर्टिस्ट हैं। मैंने उन्हें माफ कर दिया है और अब मैं इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहती। जय श्री राम।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद, पवन और अंजलि दोनों के बयान सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं। हालांकि, अंजलि द्वारा मामले को आगे न बढ़ाने की बात कहने के बाद ऐसा लगता है कि विवाद अब यही थम सकता है।