2 News : ऋतिक ने पिता के बर्थडे पर लिखा इमोशनल नोट, शत्रुघ्न ने ऐसे दी बधाई, इस डायरेक्टर की मां का निधन

एक्टर और डायरेक्टर राकेश रोशन आज शनिवार (6 सितंबर) को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। वे 76 साल के हो गए। इस मौके पर राकेश को चाहने वाले फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोग सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं। राकेश के बेटे ऋतिक ने उन्हें खास अंदाज में विश किया है। ऋतिक ने इंस्टाग्राम पर पिता के साथ अपने बचपन और साल 2000 में रिलीज हुई उनकी पहली फिल्म ‘कहो ना...प्यार है’ की कुछ तस्वीरें साझा की हैं। ऋतिक ने एक इमोशनल नोट से अपनी भावनाएं जाहिर कीं।

उन्होंने लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो पापा। मेरे अंदर यह लचीलापन पैदा करने के लिए धन्यवाद। जब जिंदगी मुश्किल हो जाती है, तो यह घर जैसा लगता है। मेरे अंदर के सिपाही को कुछ भी हिला नहीं सकता और न ही हिलाएगा। इन वर्षों में मैंने विपरीत को भी देखना सीखा है और मुझे पता है कि आपने भी सीखा होगा। अपने भीतर की योग्यता की खोज, बस होने की सरलता, बाहरी मान्यता का पतन। कभी पूरा नहीं, पर अब खाली भी नहीं। मैं इस कठिन रास्ते पर चले बिना, इस संतुलन और ज्ञान के मुकाम तक कभी नहीं पहुंच पाता। मुझमें उस सिपाही का निर्माण करने के लिए शुक्रिया। सबसे अच्छे शिक्षक होने के लिए, जिसकी कोई कामना कर सकता है।

मुझे गर्व है (और मजबूती से), क्योंकि मैं आपका बेटा हूं। मैं आपसे प्यार करता हूं।” राकेश की बेटी सुनैना रोशन ने भी अपने पिता के लिए एक नोट लिखा। उन्होंने एक वीडियो मोंटाज भी साझा किया। सुनैना ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “मेरे सदाबहार हीरो, मेरे पापा। उन्हें जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं जिन्होंने मुझे हर दिन प्यार, ताकत और दया सिखाई। ढेर सारा प्यार पापा।” एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा ने भी राकेश को सोशल मीडिया पर न सिर्फ जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं बल्कि एक बेहद यादगार थ्रोबैक तस्वीर भी साझा की। इसमें उनके साथ राकेश और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र नजर आ रहे हैं।

शत्रुघ्न ने लिखा, “एक पुराने दोस्त, मशहूर फिल्ममेकर #RakeshRoshan को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। मैं खुद को खुशनसीब मानता हूं कि मैंने उनके साथ कई फिल्मों में काम किया है, जिनमें उनकी डायरेक्टोरियल डेब्यू ‘खुदगर्ज’ और ‘खून भरी मांग’ शामिल हैं। उनकी जिंदगी खुशियों, अच्छे स्वास्थ्य और अनगिनत यादगार पलों से भरी रहे। उनके परिवार को भी ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं। हैप्पी बर्थडे!” बता दें राकेश 70 और 80 के दशक में बतौर अभिनेता काम किया। उन्होंने ‘खूबसूरत’, ‘खट्टा मीठा’, ‘खेल खेल में’, ‘कामचोर’, ‘आखिर क्यों’ जैसी कई फिल्मों में काम किया। बतौर निर्देशक उन्होंने ‘करण अर्जुन’, ‘कहो ना प्यार है’, ‘कोई मिल गया’ और ‘कृष’ सीरीज जैसी सुपरहिट फिल्में बनाई।
लंबे समय से बीमार चल रही थीं निर्देशक विक्रम भट्ट की मां वर्षा भट्ट

मनोरंजन जगत से जुड़ा एक दुखद समाचार सामने आ रहा है। मशहूर डायरेक्टर विक्रम भट्ट की मां वर्षा भट्ट ने दुनिया को अलविदा कह दिया। वर्षा का 75 साल की उम्र में निधन हो गया। आज शनिवार (6 सितंबर) सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उन्हें किडनी में इंफेक्शन था, जिसके बाद उनके कई बॉडी ऑर्गन फेल हो गए। ऐसे में लाख कोशिशों के बावजूद वर्षा को बचाया नहीं जा सका। इस खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।

वर्षा का अंतिम संस्कार आज ही वर्सोवा श्मशान घाट में किया जाएगा। विक्रम की मां के साथ बहुत मजबूत बोंडिंग थी। वे मां की बदौलत ही आज बॉलीवुड में खास मुकाम हासिल कर पाए हैं। बचपन से ही विक्रम का सपना फिल्ममेकिंग में जाने के था, जिसके लिए उनकी मां ने उन्हें पूरी तरह से सपोर्ट किया। विक्रम तीन दशक से भी ज्यादा समय से बॉलीवुड में अपनी चमक बिखेर रहे हैं।

विक्रम की डायरेक्टर के रूप में पहली फिल्म साल 1992 में रिलीज हुई ‘जानम’ थी। विक्रम स्क्रीनराइटर के तौर भी काम करते हैं। वे कुछ फिल्मों में एक्टिंग भी कर चुके हैं। साल 2015 में ‘खामोशियां’ में वे बतौर एक्टर पहली बार नजर आए थे। उन्होंने ‘राज’, ‘1920’, ‘क्रिएचर’, ‘लव गेम्स’, ‘फुटपाथ’ जैसी चर्चित फिल्में बनाई हैं।