एक्टर ऋतिक रोशन करीब ढाई दशक से लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं। फैंस उनकी हर फिल्म का बेसब्री से इंतजार करते हैं। ऋतिक की पिछली फिल्म पिछले साल गणतंत्र दिवस पर रिलीज हुई ‘फाइटर’ थी। फिल्म लोगों को पसंद आई। इसमें ऋतिक के साथ अनिल कपूर और दीपिका पादुकोण भी थे। इसके बाद से ही फैंस ऋतिक की अगली फिल्म की बाट जोह रहे हैं। खास तौर से उन्हें मोस्ट अवेटेड एक्शन फिल्म ‘वॉर 2‘ के लिए बेचैन देखा जा सकता है। वे जल्द से जल्द सिनेमाघरों में इसका लुत्फ उठाना चाहते हैं। साल 2019 में ऋतिक और टाइगर श्रॉफ की ‘वॉर’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था।
अब इसके सीक्वल में ऋतिक के अपोजिट साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर नजर आएंगे। यह फिल्म एनटीआर की बॉलीवुड डेब्यू भी होगी, जिसके लिए वे खास तैयारी कर रहे हैं। इस बीच फिल्म के सेट से एक फाइटिंग सीन का वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है। इस क्लिप में ऋतिक कटाना तलवार लिए एक वॉर जोन जैसी जगह पर खड़े नजर आ रहे हैं। बैकग्राउंड में जलती हुई आग और युद्ध जैसा माहौल दिख रहा है। फैंस का मानना है कि यह ‘वॉर 2’ के एक एक्शन सीन का हिस्सा हो सकता है।
इसमें ऋतिक के किरदार की शानदार एंट्री का अंदाजा लगाया जा रहा है। सामने आई कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘वॉर 2’ में ऋतिक का इंट्रोडक्शन सीन एक जापानी मठ में जबरदस्त तलवारबाजी के साथ होगा। यह एक्शन सीक्वेंस मुंबई के अंधेरी स्थित एक विशाल सेट पर शूट किया गया है। वायरल क्लिप इसी सीन की झलक है, जो फिल्म की कहानी का बड़ा स्पॉयलर साबित हो सकती है। ऋतिक की एक और फिल्म ‘कृष 4’ को लेकर भी खूब खबरें चल रही हैं। खास बात ये है कि इस फिल्म में एक्टिंग के साथ ऋतिक का पहली बार डायरेक्शन भी देखने को मिलेगा। ऋतिक डायरेक्टर के रूप में डेब्यू करने को उत्साहित हैं।
विजय सेतुपति व नित्या मेनन की फिल्म को टाइटल दिया गया है 'थलाइवन-थलाईवी’
तमिल अभिनेता विजय सेतुपति जबरदस्त लोकप्रिय हैं। उनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग हैं। उनसे जुड़ी हर खबर सबका ध्यान खींचती है। विजय अब अभिनेत्री नित्या मेनन के साथ रॉम-कॉम मूवी लेकर आ रहे हैं। शनिवार (3 मई) को फिल्म के टाइटल के साथ इसका टीजर रिलीज हो गया है। रोमांस और हास्य से भरा फिल्म का टीजर लोगों को पसंद आ रहा है। पंडिराज के डायरेक्शन में बनी इस मूवी से काफी उम्मीदें हैं। टीजर की शुरुआत किचन से होती है जिसमें चटपटा और लजीज खाना बन रहा है।
यह खाना विजय और नित्या बना रहे हैं। हालांकि वे दोनों एक-दूसरे के जान के दुश्मन हैं और लड़ने-झड़गने के लिए एकदम तैयार रहते हैं। वे एक-दूसरे के आमने-सामने खड़े हैं और उनके बीच बातों का युद्ध चल रहा है। ऐसा लग रहा है कि यह पति-पत्नी की हंसी-मजाक भरी नोंक-झोंक हैं लेकिन ऐसा नहीं है। इसी दौरान साउथ एक्टर योगी की एंट्री होती है जो बताता है कि ये कोई साधारण कपल नहीं हैं ये बाकि दुनिया से अलग है।
फिल्म को टाइटल दिया गया है 'थलाइवन-थलाईवी’। इस मूवी में दोनों स्टार्स दूसरी बार साथ में स्क्रीन शेयर करने वाले हैं। पंडिराज द्वारा लिखित और निर्देशित मूवी सत्य ज्योति फिल्म्स द्वारा समर्थित है और इसमें विश्वसनीय संतोष नारायणन का संगीत है। अभी फिल्म की रिलीज डेट सामने नहीं आई है।