2 News : हिना-रॉकी का बैंड-बाजे और बारातियों के साथ वीडियो वायरल, रोजलिन ने अंकिता के खिलाफ दर्ज कराया केस

‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ फेम एक्ट्रेस हिना खान इस समय ब्रेस्ट कैंसर से जंग लड़ रही हैं। हिना ने पिछले साल इस बीमारी का खुलासा किया था। वह तब से ही सोशल मीडिया के माध्यम से खुद के स्वास्थ्य को लेकर अपडेट दे रही हैं। हिना पूरी जिंदादिली से इस जानलेवा बीमारी का सामना कर रही हैं। फैंस भी लगातार उनके जल्द से जल्द पूरी तरह से ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। इस बीच हिना का बैंड, बाजे और बारातियों के साथ वीडियो तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रॉकी जायसवाल के साथ दिख रही हैं।

दरअसल ये वीडियो टीवी पर आ रहे कुकिंग रियलिटी शो ‘सेलिब्रिटी शेफ’ के सेट का है, जहां हिना अपने प्रेमी के साथ पहुंचीं। वहां उनका शानदार स्वागत हुआ। सेट पर रंगीन टेंट लगा है, फूलों की सजावट है और कंटेस्टेंट पारंपरिक परिधानों में नजर आ रहे हैं। हिना पीले रंग के सूट में हैं और रॉकी ऑफ व्हाइट शेरवानी में जंच रहे हैं। उनके साथ शो के कंटेस्टेंट बाराती बनकर पीछे डांस कर रहे हैं। फैंस इससे अनुमान लगा रहे हैं कि शायद हिना और रॉकी जल्द ही विवाह बंधन में बंधने वाले हैं।

हालांकि वे दोनों ‘सेलिब्रिटी शेफ’ में बतौर गेस्ट पहुंचे हैं और टीम उनका स्वागत कर रही है। यह भी हो सकता है कि इस एपिसोड की थीम वेडिंग पर हो। कंटेस्टेंट ऐसे डांस कर रहे हैं जैसे वो शादी में बाराती हों। शो की सबसे सीनियर कंटेस्टेंट उषा नाडकर्णी दोनों की आरती कर उनका स्वागत करती हैं। उल्लेखनीय है कि हिना और रॉकी कई सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। हिना के मुश्किल वक्त में रॉकी उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।
रोजलिन खान का आरोप, अंकिता लोखंडे ने उनके लिए लिखे भद्दे कमेंट

मॉडल व एक्ट्रेस रोजलिन खान ने एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे के खिलाफ अंधेरी मजिस्ट्रेट कोर्ट में मानहानि का केस दर्ज कराया है। रोजलिन के वकील ने साफ किया कि यह सिर्फ सिविल केस नहीं बल्कि क्रिमिनल डिफेमेशन केस है। रोजलिन के मुताबिक उन्होंने हाल ही में एक यूट्यूब चैनल को इंटरव्यू दिया था। इस दौरान उनसे हिना खान से जुड़े कुछ सवाल पूछे थे। इस इंटरव्यू के बाद अंकिता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया था।

इस पर उन्होंने रोजलिन पर भद्दे कमेंट लिखे थे। रोजलिन का कहना है कि अंकिता ने मेरे सोचने के तरीके पर वार करते हुए गिरा हुआ इंसान बताया। इसने मेरी इमेज को काफी नुकसान पहुंचाया है। इस तरह के कमेंट मैं बर्दाश्त नहीं कर सकती हूं। मैंने केवल एक सवाल किया था कि क्या कैंसर के इलाज के बाद कोई स्कूबा डाइविंग कर सकता है? यह सवाल मैंने अपनी चिंताओं के आधार पर किया था, लेकिन इसे गलत तरीके से लिया गया।

मैं खुद कैंसर का इलाज करवा चुकी हूं, इसलिए मैंने यह सवाल किया था। लेकिन हिना के फैंस और अंकिता ने इसे गलत तरीके से समझा और दिखाया है। हिना के फेवर में कई लोग मेरे खिलाफ खराब कमेंट कर रहे हैं, जिससे मेरी मेंटल हेल्थ पर काफी प्रभाव पड़ रहा है। बता दें कि अंकिता ने रोजलिन के इंटरव्यू का वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, “कैसे कोई इतना नीचे गिर सकता है? यह बहुत ही घटिया है।” अंकिता ने यह भी दावा किया कि रोजलिन ने हिना की स्थिति को लेकर गलत बयान दिए थे।