2 News : सोनिया का खुलासा, बाथरूम में 4 घंटे तक खुद को निहारते हैं हिमेश, इस कारण ट्रॉलिंग को एंजॉय कर रहे वीर

मशहूर सिंगर, म्यूजिक डायरेक्टर व एक्टर हिमेश रेशमिया लंबे समय से बॉलीवुड में हैं। लोग उन्हें हर रूप में पसंद करते हैं। हिमेश ने कई फिल्मों में कर्णप्रिय संगीत देने के साथ कई गानों को अपनी आवाज से पॉपुलर भी बनाया है। इसके अलावा वे कुछ फिल्मों में एक्टिंग करते भी नजर आए। इसी महीने 7 फरवरी को उनकी फिल्म ‘बैडएस रविकुमार’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसमें लोगों ने उनकी एक्टिंग और खास तौर से डायलॉग डिलिवरी को सराहा। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाल मचा नहीं पाई।

इस बीच हिमेश अपनी पत्नी सोनिया कपूर के पॉडकास्ट ‘द सोनिया कपूर शो’ में नजर आए। इस दौरान हिमेश ने अपनी फिल्म के साथ बॉलीवुड में अपनी जर्नी को लेकर भी बात की। इस दौरान सोनिया ने हिमेश की एक आदत का खुलासा कर दिया। सोनिया ने पूछा, “आपको अपने बारे में सबसे ज्यादा क्या पसंद है? इसके अलावा कि आप बाथरूम में चार घंटे तक खुद को देखते रहते हो।” ऐसा सुन हैरान हुए हिमेश कहते हैं, “तुम क्या कह रही हो? तुम्हें अपने शो की टीआरपी चाहिए, तो तुम मेरे नाम पर ले रही हो।”

इस पर सोनिया कहती हैं, “मैं सच कह रही हूं। आप ऐसे ही हो। अगर आपको सुबह 9 बजे की फ्लाइट पकड़नी हो, तो आप 3 बजे उठकर तैयार होने लगते हो। ऐसा कौन करता है?” इस पर हिमेश ने खुद का बचाव करते हुए कहा कि वे तैयार होने का दबाव नहीं चाहते और अपनी स्पीड से काम करना पसंद करते हैं। तब सोनिया ने चुटकी लेते हुए कहा, “हां, ताकि तुम 2 घंटे तक खुद को आईने में देख सको।” हिमेश ने सोनिया से पूछा, “तुम किस बारे में बात कर रही हो?” सोनिया ने फिर कहा, “मुझे खेद है, मैं पोल खोल रही हूं तुम्हारी।”

मालूम हो कि हिमेश और सोनिया ने साल 2018 में शादी रचाई थी। इससे पहले हिमेश की शादी कोमल से हुई थी, लेकिन साल 2017 में उनका 22 सालों का रिश्ता खत्म हो गया था। हिमेश और कोमल का एक बेटा भी है। हिमेश टीवी पर ‘इंडियन आइडल’ सहित कई सिंगिंग रियलिटी शो में जज की भूमिका निभा चुके हैं।
वीर पहाड़िया ने ‘स्काई फोर्स’ फिल्म के साथ बॉलीवुड में किया डेब्यू

एक्टर वीर पहाड़िया ने ‘स्काई फोर्स’ फिल्म के साथ अपना करिअर शुरू किया। फिल्म 24 जनवरी को रिलीज हुई थी। इसमें अक्षय कुमार और सारा अली खान भी थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया। इससे वीर को मिली पॉपुलैरिटी की एक बड़ी वजह उनका हुक स्टेप था, जो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बना। हालांकि इसके साथ-साथ उन्हें ट्रॉल भी किया गया। अब वीर ने इस पर रिएक्शन दी है।

वीर ने एक इंटरव्यू में कहा कि मैं ट्रॉलिंग को काफी एंजॉय कर रहा हूं। जिस एक्टर का मीम्स बनता है, वह और पॉपुलर हो जाता है। मुझे ट्रॉलिंग अच्छी लग रही है, क्योंकि इससे एक्टर के काम को और पॉपुलैरिटी मिल जाती है। ट्रॉलिंग के कारण मेरी इंगेजमेंट बढ़ गई है और अब मुझे ज्यादा काम भी मिल रहा है। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता और मेरी पहचान बढ़ी है। जो भी होता है, अच्छे के लिए होता है। मैं उन सभी से यह रिक्वेस्ट करूंगा कि मुझे और ट्रॉल करें। उल्लेखनीय है कि वीर एक बड़े बिजनेसमैन के बेटे हैं और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे के नाती हैं।