2 News : अपने जन्मदिन पर हेमा को याद आए पंकज, सायरा ने किया विश, पिता को मिस कर रहे करिश्मा के बच्चे

बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी का आज गुरुवार (16 अक्टूबर) को जन्मदिन है। वह 77 साल की हो गईं। हेमा को उनके चाहने वाले फैंस और सेलेब्स सोशल मीडिया के माध्यम से बर्थडे विश कर रहे हैं। हालांकि हेमा इस खुशी के मौके पर भी उदास है। इसकी वजह है एक दिन पहले उनके खास दोस्त एक्टर पंकज धीर (68) का इस दुनिया से चले जाना। ऐसे में हेमा ने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर पंकज धीर को याद किया है। हेमा ने पंकज के साथ पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “मैंने आज एक बहुत ही प्यारे दोस्त को खो दिया है और पूरी तरह से टूट गई हूं।

पंकज धीर हमेशा इतने स्नेही, हर चीज के प्रति उत्साही और एक बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता थे। उन्होंने 'महाभारत' में 'कर्ण' की भूमिका से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। वे जीवन से भरपूर व्यक्ति थे, जिन्होंने कैंसर के खिलाफ साहसपूर्वक लड़ाई लड़ी। मेरे लिए, वे हमेशा सहयोगी रहे। मैंने जब भी कोई काम किया, उन्होंने मेरा उत्साह बढ़ाया और हर मुश्किल घड़ी में मेरे साथ खड़े रहे। मुझे उनकी मौजूदगी की बहुत कमी खलेगी। मैं उनकी पत्नी अनीता जी, जो उनके जीवन की रोशनी थीं, के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।”

हेमा की बेटी ईशा देओल ने भी पंकज को याद करते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनकी तस्वीर साझा कर लिखा, “पंकज अंकल के निधन की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। वे हमारे फैमिली फ्रेंड थे और हमेशा खुश रहने वाले, एक बेहद अमेजिंग इंसान थे। आपकी हंसी और हमारे साथ बिताए मजेदार पल हमेशा याद रहेंगे। आपकी आत्मा को शांति मिले। अनीता आंटी, निकेतन और पूरे परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।” इस बीच गुजरे जमाने की मशहूर एक्ट्रेस सायरा बानो ने सोशल मीडिया पर अपनी, हेमा और दिलीप कुमार की पुरानी फोटो शेयर की है। साथ ही हेमा से पहली मुलाकात का किस्सा भी सुनाया।

सायरा ने लिखा, “हमारी पहली मुलाकात 1966 में आरके स्टूडियो में ‘दीवाना’ के सेट पर हुई थी। मुझे आज भी याद है कि मैं कैसे उनके शांत स्वभाव, सुंदरता और ग्रेस पर मोहित हो गई थी। जिसके बाद हम सुरम्य कृष्ण राज सागर बांध पर शूटिंग के दौरान फिर मिले, जहां उनकी मां और हमारी मां और हम दोनों शूटिंग के बाद बैठकर घंटों बातें करते थे और हंसी-मजाक करते थे। अम्मा हेमा के बालों में प्यारी खुशबू के लिए गोबान लगती थी और हम दोनों ही इस बात पर हंसते थे।”
संजय कपूर की बर्थ एनिवर्सरी पर करिश्मा कपूर ने शेयर की केक की फोटो, लिखा…

एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के दिवंगत एक्स हसबैंड संजय कपूर का बुधवार (15 अक्टूबर) को जन्मदिन था। इस मौके पर संजय-करिश्मा के बच्चे समायरा और कियान उन्हें याद कर बर्थडे केक काटते हुए नजर आए। करिश्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की है। करिश्मा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर जो केक की तस्वीर साझा की है, उस पर एक जलती हुई कैंडल लगी है और लिखा है, ‘हैप्पी बर्थडे डैड।’ करिश्मा ने एक सफेद दिल वाला इमोजी भी बनाया है। इस केक को देख समझ आ रहा है कि संजय को याद कर उनके बच्चे कितने इमोशनल हो रहे हैं।

करिश्मा की छोटी बहन करीना कपूर ने भी इस पोस्ट को शेयर कर अपने भांजे और भांजी को एक इमोशनल मैसेज दिया है। करीना ने लिखा, “मेरी Samu और Kiyu डैड तुम्हें हमेशा प्रोटेक्ट करेंगे।” संजय की बर्थ एनिवर्सरी पर उनकी पत्नी प्रिया सचदेव ने भी इमोशनल पोस्ट शेयर की थी। बता दें 12 जून को 53 साल के संजय को पोलो खेलते हुए दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई थी।

पिता के निधन की खबर सुनकर समायरा और कियान टूट गए थे। इसके बाद इन दोनों को करिश्मा समेत संजय के अंतिम संस्कार और प्रेयर मीट में भी देखा गया था। संजय जब से इस दुनिया को छोड़कर गए हैं, उनकी 30000 करोड़ की प्रॉपर्टी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है और कोर्ट में केस चल रहा है।