2 News : टीवी इंडस्ट्री के इस फेमस कपल ने की सगाई, ‘सत्यप्रेम की कथा’ फिल्म के डायरेक्टर की हुई इनके साथ शादी

एक्टर हर्षद अरोड़ा ने बुधवार (14 फरवरी) को वेलेंटाइन डे पर अपने फैंस को एक प्यारी खबर दी। ‘गुम है किसी के प्यार में’ और ‘बेइंतहा’ जैसे सीरियल से लोगों के दिलों में जगह बनाने वाले हर्षद ने अपनी गर्लफ्रेंड एक्ट्रेस मुस्कान राजपूत के साथ सगाई कर ली। हर्षद ने इसकी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर करते हुए यह जानकारी दी है। फोटो में दोनों बहुत अच्छे लग रहे हैं। सोशल मीडिया पर हर्षद-मुस्कान के लिए बधाई और शुभकामनाओं की झड़ी लग गई है।

मुस्कान भी टीवी इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। मुस्कान ने ‘नागिन 6’ में ‘विदुषी’ का रोल निभाया था। मुस्कान ने भी हर्षद के साथ सगाई की तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “एक साथ अगला कदम उठाते हुए, #एंगेज्ड।” उल्लेखनीय है कि हर्षद इससे पहले अपर्णा कुमार के साथ रिलेशनशिप में थे। अपर्णा ने ‘मायावी मलंग’ शो में हर्षद की ऑनस्क्रीन मां की भूमिका निभाई थी। उनकी मुलाकात शो के सेट पर हुई और प्यार हो गया।

चार साल तक रिलेशनशिप के बाद उनका ब्रेकअप हो गया था। हर्षद ‘दहलीज’, ‘तेरा क्या होगा आलिया’ और ‘सुपरकॉप्स’ जैसे शो में भी काम कर चुके हैं। हर्षद ने ‘बेइंतेहा’ सीरियल से टीवी की दुनिया में कदम रखा था। शो में एक्ट्रेस प्रीतिका राव के साथ उनकी जोड़ी खूब जमी थी। आखिरी बार वे ‘गुम है किसी के प्यार में’ डॉक्टर सत्या की भूमिका में दिखे थे।
डायरेक्टर समीर विद्वंस ने शेयर की शादी की तस्वीर

पिछले साल आई कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की फिल्म ‘सत्यप्रेम की कथा’ के डायरेक्टर समीर विद्वंस ने जीवन की नई पारी शुरू कर दी है। समीर ने लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड और असिस्टेंट डायरेक्टर जूली सोनलकर के साथ शादी कर ली है। इसके लिए समीर ने वेलेंटाइन डे चुना। उन्होंने मराठी रीति-रिवाज के साथ शादी की। शादी बहुत इंटिमेट रखी गई। इसमें सिर्फ करीबी दोस्त और परिवार वाले ही शामिल हुए।

समीर ने शादी की प्यारी सी तस्वीर शेयर की है। इसमें वह जूली संग पोज देते हुए नजर आए। दोनों बहुत खुश दिख रहे हैं। समीर क्रीम कलर की शेरवानी पर मैचिंग दुशाला, जबकि जूली शिमरी गोल्डन साड़ी में दिखाई दीं। उन्होंने फोटो के कैप्शन में लिखा, “मैरिड, हैशटैग हमने साथ रहने का फैसला किया।” इसके साथ ही उन्होंने ‘जूली’ को भी टैग किया और दिल वाला इमोजी भी कैप्शन में शामिल किया।

बता दें समीर ने ‘सत्यप्रेम की कथा’ से ही बॉलीवुड में डेब्यू किया है। इसमें जूली असिस्टेंट डायरेक्टर थीं। समीर कई मराठी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं, जो सुपरहिट रहीं। समीर व जूली ने स्वप्निल जोशी और तेजस्विनी पंडित स्टारर वेब सीरीज ‘समांतर’ को भी डायरेक्ट किया है।