‘बजरंगी भाईजान’ की मासूम ‘मुन्नी’ अब बड़ी हो गई हैं और एक नई पारी शुरू करने जा रही हैं — वो भी साउथ सिनेमा में। बाल कलाकार के रूप में लाखों दिलों पर राज करने वाली हर्षाली मल्होत्रा अब नंदमुरी बालकृष्ण की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'अखंडा 2' से बतौर लीड एक्ट्रेस दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग में कदम रख रही हैं।
‘अखंडा2’ से होगी हर्षाली की नई शुरुआतनंदमुरी बालकृष्ण स्टारर ‘अखंडा’ फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी और अब उसका सीक्वल ‘अखंडा 2’ दशहरे के मौके पर 25 सितंबर को पैन इंडिया स्तर पर रिलीज होने जा रहा है। फिल्म में हर्षाली मल्होत्रा को ‘जननी’ नामक भूमिका में देखा जाएगा, जिसकी पहली झलक मेकर्स ने सोशल मीडिया पर साझा की है। पारंपरिक परिधान में उनका यह नया लुक काफी प्रभावशाली और आकर्षक नजर आ रहा है।
मेकर्स का इमोशनल कैप्शन और फैंस की प्रतिक्रिया
हर्षाली के किरदार को पेश करते हुए निर्माताओं ने लिखा – “एक देवदूत की मुस्कान और सोने का दिल। 'बजरंगी भाईजान' फेम हर्षाली मल्होत्रा को 'जननी' के रूप में पेश करते हुए गर्व महसूस हो रहा है।” सोशल मीडिया पर इस खबर ने तहलका मचा दिया है और फैंस अब 'मुन्नी' को एक नए अवतार में बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हैं।
हर्षाली ने लिखा दिल को छू जाने वाला नोटअपने इंस्टाग्राम पोस्ट में हर्षाली ने एक भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा – एक खामोशी थी जो सब कुछ कह गई, एक मुस्कान थी जो दिल में रह गई... मुन्नी सिर्फ एक किरदार नहीं थी, वो एक एहसास थी... अब मैं जननी के रूप में लौटी हूं – एक नई कहानी, एक नया एहसास, मेरा नया अध्याय। इस बार भी मुझे आपका वही प्यार चाहिए – वही तालियां, वही आशीर्वाद, वही भावनाएं।
उनके इस नोट को पढ़कर फैंस काफी भावुक हो गए और सोशल मीडिया पर बधाइयों और शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई।
‘बजरंगी भाईजान’ से ‘जननी’ तक का सफरहर्षाली मल्होत्रा को देशभर में तब पहचान मिली जब उन्होंने साल 2015 में सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बजरंगी भाईजान' में मूक बच्ची ‘मुन्नी’ की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में उनके मासूमियत भरे अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। अब लगभग एक दशक बाद वे एक परिपक्व कलाकार के रूप में एक बड़े प्रोजेक्ट से वापसी कर रही हैं।
पैन इंडिया रिलीज और बहुभाषी फिल्म‘अखंडा 2’ को तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में एक साथ रिलीज किया जाएगा। दशहरे के अवसर पर यह फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक देगी, और इसे एक मेगा रिलीज माना जा रहा है। एनबीके यानी नंदमुरी बालकृष्ण के साथ हर्षाली की जोड़ी और जननी जैसा गंभीर किरदार दर्शकों के लिए एक नया अनुभव होगा।
‘मुन्नी’ से ‘जननी’ तक का हर्षाली मल्होत्रा का यह सफर दर्शकों के लिए बेहद खास है। एक चाइल्ड आर्टिस्ट से लीड हीरोइन तक का उनका यह परिवर्तन न केवल प्रेरणादायक है बल्कि यह बताता है कि प्रतिभा कभी सीमित नहीं होती। ‘अखंडा 2’ में उनकी वापसी न केवल एक नई शुरुआत है, बल्कि भारतीय सिनेमा के लिए भी एक नई ऊर्जा का संकेत है। दशहरे पर होने वाली इस भव्य रिलीज को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।