भारत में दर्शकों से मजबूत प्रतिक्रिया हासिल करने के बाद फिल्म ‘हनुमान अंश’ अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में है। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 11 सितंबर 2026 को विदेशी सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। फिल्म को विदेशों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी ‘केजीएफ’, ‘कांतारा’ और ‘सालार’ जैसी फिल्मों से जुड़े प्रोडक्शन हाउस होम्बले फिल्म्स ने उठाई है।
होम्बले फिल्म्स ने सोशल मीडिया के जरिए ‘हनुमान अंश’ की इंटरनेशनल रिलीज का ऐलान किया। प्रोडक्शन हाउस के मुताबिक, आस्था और आध्यात्मिकता से जुड़ी फिल्म की कहानी अब भारत के बाहर रहने वाले दर्शकों तक भी पहुंचेगी। इस ऐलान के बाद फिल्म के लिए एक नया बाजार खुल गया है।
नीम करोली बाबा की कहानी पर आधारित है फिल्म‘हनुमान अंश’ को विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म की कहानी नीम करोली बाबा पर आधारित बताई गई है। इसमें एक आध्यात्मिक गुरु के जीवन और उनकी शिक्षाओं के साथ-साथ अलग-अलग पृष्ठभूमि से आने वाले लोगों पर उनके विचारों के प्रभाव को समझने की कोशिश की गई है।
फिल्म करीब 1.8 करोड़ रुपये के बजट में बनाई गई थी। कम बजट में तैयार हुई इस फिल्म को भारत में मिली सफलता के बाद होम्बले फिल्म्स का समर्थन मिला है। अब प्रोडक्शन हाउस इसे इंटरनेशनल दर्शकों तक पहुंचाने में मदद कर रहा है।
28 दिनों में 62 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाईभारत में ‘हनुमान अंश’ की कमाई ने फिल्म के प्रदर्शन को खास बनाया है। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 10 लाख रुपये की शुरुआती कमाई की थी। इसके बाद फिल्म ने लगातार कमाई करते हुए 28वें दिन तक 62 करोड़ रुपये से अधिक का नेट कलेक्शन दर्ज किया।
फिल्म के निर्माताओं का मानना है कि दर्शकों के बीच चर्चा और वर्ड ऑफ माउथ ने इसे लंबे समय तक सिनेमाघरों में बनाए रखने में भूमिका निभाई। अब इंटरनेशनल रिलीज के जरिए निर्माता नीम करोली बाबा की कहानी को विदेशों में रहने वाले दर्शकों तक ले जाना चाहते हैं।
हिंदी वर्जन की ऑक्यूपेंसी भी रही मजबूतबॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के साथ फिल्म के हिंदी वर्जन की ऑक्यूपेंसी के आंकड़े भी सामने आए हैं। 28वें दिन फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी 38.01 प्रतिशत रही।
दिन की अलग-अलग स्क्रीनिंग की बात करें तो नाइट शो में सबसे ज्यादा 65.23 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। इवनिंग शो में यह आंकड़ा 40.54 प्रतिशत रहा। वहीं दोपहर के शो में 29.62 प्रतिशत और मॉर्निंग स्क्रीनिंग में 12.92 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।
अब 11 सितंबर 2026 को विदेशों में रिलीज के साथ ‘हनुमान अंश’ की कहानी भारतीय सिनेमाघरों से निकलकर इंटरनेशनल दर्शकों तक पहुंचने जा रही है।