पिछले कुछ सालों में देखने में आया है कि सोशल मीडिया पर कई हस्तियों या फिर उनसे जुड़े लोगों के निधन की खबरें उड़ जाती हैं, जो निराधार होती हैं। एक बार फिर से ऐसा ही मामला सामने आया है। दरअसल गुरुवार (6 मार्च) को सुपरस्टार गोविंदा के सेक्रेटरी शशि सिन्हा की मौत से जुड़ी खबरें तेजी से फैल गईं। बात बढ़ती देख खुद शशि को सामने आकर बताना पड़ा कि वे जिंदा और पूरी तरह से स्वस्थ हैं। शशि ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा कि जब से मेरी मौत की झूठी खबर फैली है, तब से मुझे फोन पर कई शोक संदेश और कॉल आ रहे हैं।
गोविंदा के पूर्व सचिव और करीबी दोस्त शशि प्रभु का निधन हुआ है, न कि मेरा। चूंकि मेरा नाम गोविंदा के पुराने दोस्त और पूर्व सचिव शशि प्रभु से मिलता-जुलता है इसलिए भ्रम के कारण यह खबर फैल गई। फिल्म 'इल्जाम' के समय शशि प्रभु उनके सचिव थे, उसके बाद से मैं गोविंदा का काम देख रहा हूं। शशि प्रभु जी, गोविंदा के बहुत करीबी थे और उनके भाई जैसे थे।
उल्लेखनीय है कि शशि सिन्हा पिछले कई सालों से गोविंदा के काम को मैनेज कर रहे हैं और उन्होंने उनके करिअर को आकार देने में अहम भूमिका निभाई है। वे आमिर खान, आयशा जुल्का और संगीता बिजलानी जैसे अन्य कई सेलेब्स के साथ भी काम कर चुके हैं। हाल ही में शशि सिन्हा ने गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के अलग होने की खबरों को खारिज कर दिया था।
अपने पूर्व सचिव शशि प्रभु के अंतिम संस्कार में भावुक हुए गोविंदाइस बीच शशि प्रभु के अंतिम संस्कार में गोविंदा भी पहुंचे। जहां पर उनकी आंखों से आंसू रुकने का नाम ही नहीं ले रहे थे। गोविंदा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शशि प्रभु लंबे समय तक गोविंदा के साथ थे। दोनों प्रोफेशनल के साथ अच्छे दोस्त भी थे। गोविंदा के स्ट्रगल के दिनों में शशि उनके साथ थे। एक दोस्त के जाने से गोविंदा टूट गए हैं। गोविंदा को जैसे ही शशि के निधन के बारे में पता चला तो वो अंतिम दर्शन के लिए वहां पहुंच गए। गोविंदा इस दौरान पूरे समय अपनी आंखों से बहने वाले आंसू पोछते हुए नजर आए।
उनके चेहरे पर दोस्त को खोने का दुख साफ नजर आ रहा था। गोविंदा की तड़प और गहरी उदासी साफ दिखती है। वे शशि के परिवार के सदस्य को सांत्वना देते हुए भी नजर आए, जो दर्शाता है कि गोविंदा सिर्फ उनके साथी ही नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह उन्हें मानते थे। गोविंदा को रोता देखकर उनके फैंस भी इमोशनल हो गए। कई लोग गोविंदा और शशि प्रभु की पुरानी तस्वीरें शेयर कर रहे हैं, जिसमें दोनों के बीच का गहरा संबंध नजर आता है।