मराठी फिल्म इंडस्ट्री इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। जहां 'राजा शिवाजी' मराठी सिनेमा की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है, वहीं 'देऊल बंद 2' भी दूसरे स्थान पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। इन दोनों फिल्मों के बाद अब एक और मराठी फिल्म दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
संदीप पाठक, देवदत्त नागे, शशांक शेंडे और प्राजक्ता हनमघर अभिनीत एडवेंचर-सस्पेंस थ्रिलर 'घबड़कुंड' भी टिकट खिड़की पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। सीमित बजट में बनी इस फिल्म ने अपनी मजबूत कमाई के दम पर 'सुपर डुपर' को पीछे छोड़ दिया है और अब यह वर्ष 2026 की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मराठी फिल्म बन चुकी है। आइए जानते हैं फिल्म के छठे दिन के बॉक्स ऑफिस आंकड़े।
छठे दिन भी बनी रही कमाई की रफ्तारसैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, 'घबड़कुंड' ने रिलीज के छठे दिन बॉक्स ऑफिस पर करीब 35 लाख रुपये का कारोबार किया। हालांकि मंगलवार को दर्ज हुए 43 लाख रुपये के मुकाबले फिल्म की कमाई में लगभग 18.6 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद इसकी बॉक्स ऑफिस यात्रा मजबूत बनी हुई है।
फिल्म को इस समय दूसरी मराठी फिल्मों 'तुंबाडची मंजुला' और 'देऊल बंद 2' की धीमी होती कमाई का भी फायदा मिल रहा है। भारत में 'घबड़कुंड' का कुल नेट कलेक्शन अब 3.70 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
निर्देशक प्रीतम एसके पाटिल के निर्देशन में बनी इस फिल्म का कुल बजट करीब 6 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। केवल छह दिनों में फिल्म अपनी लागत का 61.66 प्रतिशत हिस्सा वसूलने में सफल रही है। मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि यह फिल्म जल्द ही मराठी सिनेमा की सफल फिल्मों की सूची में शामिल हो सकती है।
'सुपर डुपर' को पछाड़कर छठे स्थान पर पहुंचीरोमांच और रहस्य से भरपूर 'घबड़कुंड' ने नम्रता आवटे संभेराव की फिल्म 'सुपर डुपर' के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। 'सुपर डुपर' ने अपने पूरे रन में 3.44 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि 'घबड़कुंड' अब 3.70 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।
इसके साथ ही यह फिल्म साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मराठी फिल्मों की सूची में छठे स्थान पर पहुंच गई है। अब इसकी नजर 'आगा आगा सुनबाई! के म्हांते सासुबाई?' के 8.97 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन पर है। यदि फिल्म इस आंकड़े को पार कर लेती है तो यह मराठी सिनेमा की वर्ष 2026 की टॉप-5 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में अपनी जगह बना लेगी।
2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 10 मराठी फिल्मेंराजा शिवाजी – 105.68 करोड़ रुपये
देऊल बंद 2 – 72.24 करोड़ रुपये
क्रांतिज्योति विद्यालय मराठी मध्यम – 28 करोड़ रुपये
तुंबाडची मंजुला – 13.83 करोड़ रुपये
आगा आगा सुनबाई! के म्हांते सासुबाई? – 8.97 करोड़ रुपये
घबड़कुंड – 3.70 करोड़ रुपये
सुपर डुपर – 3.44 करोड़ रुपये
टाइघी – 1.64 करोड़ रुपये
राणापति शिवराय – स्वारी आगरा – 1.39 करोड़ रुपये
पुन्हा एकदा साडे मेड तीन – 1.29 करोड़ रुपये
फिल्म की मौजूदा कमाई को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में इसकी रफ्तार इसी तरह बनी रही, तो 'घबड़कुंड' मराठी बॉक्स ऑफिस पर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर सकती है।