'थामा' से 'पुष्पा 3' तक, शादी से पहले बड़े पर्दे पर छा जाएंगी रश्मिका मंदाना

साउथ और बॉलीवुड इंडस्ट्री की नेशनल क्रश कही जाने वाली रश्मिका मंदाना इन दिनों फिल्मों से लेकर निजी जिंदगी तक हर मोर्चे पर सुर्खियों में हैं। ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो वह 2026 में एक्टर विजय देवरकोंडा से शादी कर सकती हैं। हालांकि इस ‘कथित कपल’ ने अब तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन शादी से पहले रश्मिका की फिल्मों की जो लाइनअप सामने आई है, वो किसी भी बड़ी एक्ट्रेस को टक्कर दे सकती है।

थामा


रश्मिका की इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है थामा, जो इस दिवाली यानी 21 अक्टूबर 2025 को रिलीज हो रही है। हॉरर और लव स्टोरी के दिलचस्प मेल से बनी इस फिल्म में रश्मिका पहली बार एक डरावने किरदार में नजर आएंगी। फिल्म के निर्माता स्त्री जैसी हिट फिल्म देने वाले मडोक फिल्म्स हैं और इसमें उनके साथ आयुष्मान खुराना नजर आएंगे। ट्रेलर ने पहले ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट बढ़ा दी है।

मैसा

रश्मिका ने कुबेरा की रिलीज के दिन ही अपने नए प्रोजेक्ट मैसा की घोषणा कर फैंस को चौंका दिया था। इस फिल्म में उनका फर्स्ट लुक काफी तीखा और दमदार था। फिल्म को पांच भाषाओं — तमिल, हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम — में रिलीज किया जाएगा। इसका निर्देशन कर रहे हैं रविंद्र पुले।
रैंबो

रैंबो एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है जिसमें रश्मिका के साथ एक्टर देव मोहन नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग काफी पहले शुरू हो चुकी है और इसकी झलक रश्मिका ने सोशल मीडिया पर साझा भी की थी। शांतारुबन द्वारा निर्देशित इस फिल्म से रश्मिका एक बार फिर अपनी रोमांटिक इमेज को मजबूती देती नजर आएंगी।

एनिमल पार्क

2023 की ब्लॉकबस्टर एनिमल के बाद डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा अब इसका अगला भाग एनिमल पार्क लेकर आ रहे हैं। रणबीर कपूर और रश्मिका की जोड़ी फिर से दर्शकों को स्क्रीन पर दिखाई देगी। फिल्म को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन यह तय है कि दोनों स्टार्स की केमिस्ट्री फिर धमाल मचाएगी।

पुष्पा 3


पुष्पा: द रूल की रिलीज के साथ ही फैंस को अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की जोड़ी फिर से पुष्पा 3 में देखने का संकेत मिल गया था। अब खबर है कि निर्देशक सुकुमार इस तीसरे पार्ट पर काम शुरू कर चुके हैं और इसमें विजय देवरकोंडा की एंट्री भी हो सकती है, जिससे इस फ्रेंचाइज़ी का रोमांच और बढ़ जाएगा।

द गर्लफ्रेंड

7 नवंबर 2025 को रिलीज होने वाली द गर्लफ्रेंड को रश्मिका की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में गिना जा रहा है। इसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है और यह भी पांच भाषाओं में रिलीज होगी। फिल्म में रश्मिका का किरदार एक बिलकुल नए अवतार में होगा, जिसकी झलक उनके लुक पोस्टर में दिख चुकी है।

कॉकटेल 2


रिपोर्ट्स की मानें तो 2012 में आई हिट फिल्म कॉकटेल का सीक्वल बनाया जा रहा है, जिसमें रश्मिका मंदाना को मुख्य भूमिका में लिया गया है। फिल्म में शाहिद कपूर और कृति सेनन भी नजर आएंगे। इसकी शूटिंग यूरोप में शुरू हो चुकी है और इसे होमी अदजानिया निर्देशित कर रहे हैं। फिल्म के 2026 में रिलीज होने की संभावना है।

इन सभी प्रोजेक्ट्स को देखते हुए ये कहना गलत नहीं होगा कि रश्मिका मंदाना अपने करियर के सबसे व्यस्त और निर्णायक दौर से गुजर रही हैं। उनकी फिल्मों की यह झोली दर्शकों को एक से बढ़कर एक किरदार देने वाली है — चाहे वह हॉरर हो, रोमांस हो या फिर एक्शन-ड्रामा। अब देखना होगा कि क्या वाकई ये सभी फिल्में शादी से पहले पर्दे पर पहुंच पाएंगी या रश्मिका मंदाना की जिंदगी में कुछ और बड़ा मोड़ आने वाला है।