सदी के महानायक के रूप में मशहूर सुपरस्टार अमिताभ बच्चन हमेशा लाइमलाइट में रहते हैं। अमिताभ काम में तो बिजी रहते ही हैं, साथ ही फैंस से जुड़े रहने के लिए सोशल मीडिया पर भी लगातार पोस्ट डालते हैं। अमिताभ ने अब अपने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की और इसके आते ही फैंस के मजेदार कमेंट्स की बौछार हो गई। वे खूब चुटकी ले रहे हैं। अमिताभ ने रात ढाई बजे लिखा, “T 5525-ऊपर देखा, इधर उधर देखा-पूरा ब्रह्मांड हिल गया।” इस पर एक यूजर ने लिखा, “सर सीधा सा बोलिए जयाजी को देखा।” दूसरे ने लिखा, “लगता है आप जयाजी को देखने की बात कर रहे हो।” तीसरे ने लिखा, “क्यों? जया मैम आ गईं क्या?” चौथे ने कहा, “चार पेग के बाद हमें भी ऐसा ही लगता है श्रीवास्तव साहब, सुबह तक ठीक हो जाएगा।”
पांचवें ने कमेंट किया, “कम पी लिया करो सर।” छठे ने लिखा, “नशा बुरी चीज है।” इससे पहले 7 अक्टूबर की सुबह 8:47 बजे अमिताभ ने पोस्ट में लिखा था, “टी 5524 : काम काम काम, अभी जल्दी कर रहा हूं, इसलिए बाद में इसके बारे में और बताऊंगा।” तब भी फैंस ने तुरंत रिएक्ट करना शुरू कर दिया था। एक शख्स ने लिखा था, “कर्म ही पूजा है।’ दूसरे शख्स ने लिखा, “अब रिटायरमेंट ले लीजिए सर आप।” तीसरे ने लिखा, “पैसा, पैसा, पैसा है।” कुछ लोगों ने उनसे समाज और देश से जुड़े मुद्दों पर भी बोलने की अपील की।
इससे पहले भी बिग बी की कई पोस्ट पर उनका जमकर मजाक उड़ चुका है। लोग उनकी खूब आलोचना कर चुके हैं। हालांकि अमिताभ को किसी की परवाह नहीं है। वे अपने चाहने वालों का ध्यान रखते हैं और मन में जो बात होती है उसे कह डालते हैं। अमिताभ कई सालों से नियमित तौर पर ब्लॉग भी लिख रहे हैं। वे इंस्टाग्राम पर भी खूब फोटो और वीडियो अपलोड करते हैं, जिन पर लोग भरपूर प्यार लुटाते हैं।
KBC 17 में अमिताभ का जन्मदिन मनाने पहुंचे जावेद और फरहान अख्तरअमिताभ 11 अक्टूबर को अपना 83वां जन्मदिन मनाएंगे। इस खास मौके पर 'कौन बनेगा करोड़पति 17' के एक स्पेशल एपिसोड में उनका बर्थडे सेलिब्रेशन किया जाएगा। इसमें उनके साथ मशहूर गीतकार व लेखक जावेद अख्तर और उनके बेटे फिल्ममेकर व एक्टर फरहान अख्तर भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान अमिताभ ने फरहान के साथ काम करने के अनुभव भी शेयर किया। शो के लेटेस्ट प्रोमो में तीनों की मस्ती देखी जा सकती है।
फरहान ने पिता और अमिताभ से कुछ सवाल भी किए। फरहान, बिग बी से कहते हैं कि हमने भी साथ में एक फिल्म की है ‘लक्ष्य।’ इस पर तुरंत बिग बी बोल पड़ते हैं कि इसका किस्सा तो वे सुनाएंगे। अमिताभ ने कहा कि एक बार फरहान रात में मेरे कमरे में आए। अमिताभ अंकल क्या आपको कुछ प्रॉब्लम है? मुझे लगा कि मैं नौसिखिया हूं, ये उस्ताद है जो हमें कह रहा है बेटा एक्टिंग कैसे करनी चाहिए। मजाक-मजाक में अमिताभ, फरहान की खूब टांग खींचते हैं।
फरहान पिता व अमिताभ से पूछते हैं कि दोनों में क्या क्वालिटी हैं जो आप एक-दूसरे से चुराना चाहते हैं। इस पर तुरंत जावेद कहते हैं कि जितनी क्वालिटी अमिताभ में हैं उतनी शायद ही किसी में हो। फिर दूसरा सवाल फरहान पूछते हैं कि लेडीज में कौन ज्यादा पॉपुलर है तब अमिताभ तुरंत जावेद की ओर इशारा करते हैं।