आमिर-किरण के तलाक पर ऐसा बोले फैजल, खुद की दोबारा शादी या गर्लफ्रेंड नहीं रखने पर यूं ली चुटकी!

बॉलीवुड के मिस्टीर परफेक्शनिस्ट माने जाने वाले एक्टर आमिर खान ने 2-3 महीने पहले अपनी दूसरी पत्नी किरण राव को तलाक देकर फैंस को चौंका दिया था। अब इस बारे में आमिर के भाई फैजल खान का बयान सामने आया है। फैजल जल्द ही अपनी कमबैक फिल्म फैक्ट्री में नजर आएंगे। फैजल इसके निर्देशक भी हैं। फैक्ट्री की रिलीज से पहले फैजल ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में आमिर के तलाक से लेकर खुद ने दोबारा शादी क्यों नहीं की जैसे सवालों पर खुलकर बात की। फैजल ने आमिर-किरण के तलाक पर कहा कि मैं उन्हें कोई भी सलाह नहीं दे सकता हूं, क्योंकि मेरी खुद की शादी ही नहीं चल पाई थी… तो मैं किसी और की पर्सनल जिंदगी पर कमेंट करने वाला कौन होता हूं। वे ही जानते हैं कि उनके लिए बेस्ट क्या है।


फैक्ट्री हिट हुई तो गर्लफ्रेंड के बारे में सोचूंगा : फैजल

फैजल से जब पूछा गया कि उन्होंने दोबारा शादी क्यों नहीं कि तो बोले कि मेरे पास अभी इतने पैसे ही नहीं हैं कि मैं एक पत्नी का खर्चा उठा सकूं या फिर कोई गर्लफ्रेंड के साथ रहूं, क्योंकि आजकल तो गर्लफ्रेंड रखना भी काफी महंगा पड़ता है। गर्लफ्रेंड के खर्चे तो पत्नी से भी ज्यािदा महंगे पड़ते हैं। अगर मेरी फिल्म फैक्ट्री हिट हो जाती है तो फिर मैं गर्लफ्रेंड के बारे में सोचूंगा। फैजल ने कुछ साल पहले आरोप लगाया था कि आमिर ने उन्हें अपने घर में कैद करके रखा था। कहा जाता है कि फैजल उस वक्त मानसिक बीमारी से जूझ रहे थे। फैजल को सीजोफ्रेनिया नाम की बीमारी थी।


आमिर के साथ रिश्ते को बताया बिल्कुल सही

इस बीच आमिर के साथ अपने रिश्ते पर फैजल ने कहा कि हमारे बीच सब कुछ ठीक चल रहा है। अब मैं सारे फैसले खुद ही लेता हूं। मैंने एक निर्देशक के रूप में पूरी ईमानदारी के साथ काम किया है। उल्लेखनीय है कि आमिर और फैजल वर्ष 2000 में फिल्म मेला में साथ नजर आए थे। इसमें ट्विंकल खन्ना हीरोईन थीं। मेला बुरी तरह से फ्लॉप रही और इसके साथ ही फैजल के एक्टिंग करियर पर भी लगभग विराम लग गया। फैजल, आमिर के प्रोडक्शन हाउस में कुछ सालों तक बतौर स्क्रिप्ट राइटर भी काम कर चुके हैं।