बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार अमिताभ बच्चन और मनोज कुमार के साथ काम कर चुके चंद्र बरोट का 20 जुलाई को निधन हो गया। उन्होंने 86 वर्ष की उम्र में आखिरी सास ली। 'डॉन' निर्देशक के निधन पर बॉलीवुड के शहंशाह की प्रतिक्रिया आई है। चंद्र के निधन की खबर पाकर वह टूट गए हैं।
चंद्र बरोट का निधन रविवार को बांद्रा के एक अस्पताल में हुआ है। उनकी पत्नी दीपा बरोट ने अपने पति के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने एक मीडिया को इसके बारे में जानकारी देते हुए बताया, 'वह पिछले सात सालों से पल्मोनरी फाइब्रोसिस से जूझ रहे थे। उनका इलाज गुरु नानक अस्पताल में चल रहा था, जहां डॉक्टर मनीष शेट्टी उनका इलाज कर रहे थे। इससे पहले उन्हें जसलोक अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था।
भावुक हुए बिग बीबिग बी ने चंद्र बरोट के निधन पर शोक जताया है। इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया का सहारा लिया है। महानायक ने अपने टम्बलर व्लॉग में चंद्र के निधन पर एक भावुक पोस्ट लिखा है। उन्होंने निर्देशक को ना सिर्फ निर्देशक समझा, बल्कि उन्हें एक पारिवारिक दोस्त भी समझा था।
अमिताभ बच्चन ने अपने व्लॉग में लिखा है, 'एक और, एक और दुखद क्षण। मेरे प्रिय मित्र और डॉन के निर्देशक चंद्र बरोट का आज सुबह निधन हो गया। इस क्षति को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। हां, हमने साथ काम किया था, लेकिन वह किसी और से ज्यादा एक पारिवारिक मित्र थे। मैं बस प्रार्थना कर सकता हूं।'
फरहान अख्तर ने जताया शोकफिल्म मेकर-एक्टर फरहान अख्तर ने भी चंद्र बरोट के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर बरोट की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा है, 'यह जानकर दुख हुआ कि ओजी डॉन के निर्देशक अब हमारे बीच नहीं रहे। चंद्र बारोट जी की आत्मा को शांति मिले। परिवार के प्रति गहरी संवेदना।'
चंद्र का फिल्मी करियरचंद्र लंबे समय तक मनोज कुमार के सहायक निर्देशक रहे। उन्होंने उनके साथ पूरब और पश्चिम, शोर और 'रोटी कपड़ा और मकान' में काम किया।'रोटी कपड़ा और मकान' की शूटिंग के दौरान अमिताभ और जीनत के वे दोस्त बन गए। इसके बाद, उन्होंने उनके साथ 'डॉन' में काम किया, और अमिताभ आज भी उनके दिल के करीब हैं।
चंद्रा बरोट ने 1978 में डॉन के साथ निर्देशन में डेब्यू किया। अमिताभ बच्चन अभिनीत यह फिल्म पहले हफ्ते तक तो फ्लॉप चल रही थी, लेकिन धीरे-धीरे इसने गति पकड़ी और ब्लॉकबस्टर फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो गई।
इस फिल्म की पॉपुलैरिटी के कारण इसके कई रीमेक और सीक्वल बने, जिनमें शाहरुख खान लीड रोल करते नजर आए। इस रीमेक का निर्देशन फरहान अख्तर ने किया था और इसमें प्रियंका चोपड़ा भी थीं। इस फिल्म का सीक्वल 2011 में रिलीज हुआ था, जिसे फरहान अख्तर ने निर्देशित किया था।