एक्ट्रेस दिव्या खोसला और एक्टर नील नितिन मुकेश की कॉमेडी थ्रिलर फिल्म 'एक चतुर नार' का इंतजार कर रहे फैंस के लिए अच्छी खबर है। इसके निर्माताओं ने घोषणा की कि फिल्म 12 सितंबर को रिलीज होगी। साथ ही दो मोशन पोस्टर के रूप में फिल्म का फर्स्ट लुक भी जारी किया है। एक पोस्टर में दिव्या और नील एक टेबल के पास खड़े हैं। टेबल पर टमाटर और शिमला मिर्च समेत कुछ सब्जियां रखी हुई हैं। दिव्या गाजर को चाकू से काटते हुए कैमरे की तरफ चालाकी भरी नजरों से देख रही हैं। बगल में नील थ्री पीस पहने हाथों में बंदूक लिए खड़े हैं।
पीछे सिंगर कैलाश खेर की आवाज में कुछ लाइन फिल्म के टाइटल से जुड़ी सुनाई दे रही हैं। दूसरे पोस्टर में दिव्या ने काला चश्मा लगा रखा है। उनकी चोटी नागिन के शेप में मुंह फैलाए हुए है और उस पर एक फ्लिप वाले फोन में नील घबराए हुए दिख रहे हैं। इस पोस्टर में भी गाने की कुछ लाइन सुनाई दे रही हैं। दिव्या ने फिल्म का पोस्टर साझा किया और कैप्शन में लिखा, “चल अनेक, चतुर सिर्फ एक। #एक चतुरनार होसियारी सुरू 12 सितंबर से सिनेमाघरों में।” नील ने भी अपने इंस्टाग्राम पर फर्स्ट लुक शेयर करते हुए लिखा, “समझने में वक्त लगेगा...पर जब समझ जाओगे तो देर हो चुकी होगी #एकचतुरनार। होसियारी सुरू 12 सितंबर से सिनेमाघरों में।”
पहली झलक में दिव्या एक अभूतपूर्व अवतार में दिख रही हैं। इसमें उनकी तीक्ष्ण बुद्धि, आकर्षण और अप्रत्याशित धार झलक रही है। नील ने भी अपने अनोखे अंदाज से सबका ध्यान खींचा। फिल्म में नील और दिव्या के साथ ही छाया कदम, रजनीश दुग्गल, सुशांत सिंह, यशपाल शर्मा और आशीष वाघ जैसे कलाकार भी हैं। 'एक चतुर नार' के निर्देशन की कमान उमेश शुक्ला ने संभाली है, जिन्हें '102 नॉट आउट' और 'OMG' जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। उमेश इस फिल्म का निर्माण आशीष वाघ और जीशान अहमद के साथ मिलकर कर रहे हैं। नील की पिछली फिल्म ‘हिसाब बराबर’ (2024) और दिव्या की ‘सावि’ (2024) थी।
‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ फेम एक्ट्रेस नियति जोशी ने इंस्टा स्टोरी पर लिखा लंबा-चौड़ा नोटटीवी के लोकप्रिय शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में ‘स्वर्णा’ का किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुईं एक्ट्रेस नियति जोशी ने शो छोड़ दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट शेयर कर खुद यह कंफर्म करते हुए लंबा नोट लिखा है। नियति पिछले 6 सालों से YRKKH से जुड़ी हुई थीं। नियति ने लिखा, “कहते हैं न, कुछ भी हमेशा के लिए नहीं रहता। छह शानदार सालों और अनगिनत यादों के बाद ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में अपने किरदार ‘स्वर्णा’ को भावभीनी विदाई देने का समय आ गया है।
खूबसूरत दोस्ती और उससे मुझे जो सम्मान और प्रशंसा मिली, वो जिंदगी भर याद रहेगी। डीकेपी हमेशा मेरा दूसरा घर रहेगा। किसी ऐसी चीज को अलविदा कहना आसान नहीं जो मेरे दिल के बहुत करीब हो। ये रिश्ता क्या कहलाता है, मुझे तुम्हारी बहुत याद आएगी। इन शानदार पलों के लिए मैं आप सभी की हमेशा आभारी रहूंगी। मेरे किरदार के प्रति अपार प्रेम दिखाने वाले सभी प्रशंसकों और शुभचिंतकों का बहुत-बहुत धन्यवाद।
मैं अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू कर रही हूं, मैं एक बार फिर से एक नए व्यक्ति की तरह महसूस कर रही हूं, सीखने और कुछ नया करने के लिए उत्सुक हूं।” बता दें कि सीरियल की कहानी में 7 साल का लीप आया था जिसके चलते कई कलाकार शो से गायब चल रहे हैं। नियति का किरदार ‘स्वर्णा’ लीप से पहले गोयंका परिवार के साथ जापान चला गया था। ऐसे में वो कहानी से काफी समय से गायब चल रही थीं।